Jamshedpur News: जमशेदपुर का प्रसिद्ध जुबली पार्क आज 16 दिनों के लंबे इंतजार के बाद आम जनता के लिए फिर से खोल दिया गया. संस्थापक दिवस (फाउंडर्स डे) की तैयारियों और 2 से 6 मार्च तक लाइटिंग देखने के लिए आने वाले दर्शकों की भीड़ को देखते हुए पार्क के गेट बंद किए गए थे. पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार इसे 7 मार्च को ही खुलना था, लेकिन होली के त्यौहार को देखते हुए टाटा स्टील प्रबंधन ने सजावट देखने की अवधि एक दिन और बढ़ा दी थी, जिसके कारण अब इसे 9 मार्च को खोला गया है.
ट्रैफिक के दबाव से मिली मुक्ति
जुबली पार्क का मुख्य रास्ता बंद होने की वजह से पिछले दो हफ्तों से यातायात का पूरा दबाव “स्ट्रेट माइल रोड” पर आ गया था. पार्क के भीतर से बिष्टुपुर, कदमा और सोनारी जाने वाले वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था और लंबे जाम की स्थिति बनी रहती थी. अब पार्क का गेट खुलने से यह अतिरिक्त दबाव खत्म हो गया है और लोगों का सफर आसान हो गया है.
शहरवासियों के लिए फिर बहाल हुई सहूलियत
पार्क खुलने के साथ ही सुबह की सैर करने वालों और गंतव्य तक पहुंचने वाले राहगीरों ने राहत की सांस ली है. टाटा स्टील यूटिलिटीज (जुस्को) द्वारा लाइटिंग और सजावट हटाने का काम पूरा होने के बाद अब पार्क के रास्तों पर आवाजाही पूरी तरह सामान्य कर दी गई है. अब लोग बिना किसी रोक-टोक के पार्क के मुख्य मार्ग का उपयोग आवागमन के लिए कर सकेंगे.