Railway News: टाटानगर से गुजरने वाली हावड़ा स्टील एक्सप्रेस, मुंबई गीतांजलि एक्सप्रेस और बड़बिल जनशताब्दी एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनों में रेलवे ने सघन टिकट जांच अभियान चलाया. रेलकर्मियों और आरपीएफ (RPF) जवानों की संयुक्त टीम ने खड़गपुर स्टेशन पर घेराबंदी कर चेकिंग की. इस दौरान रेलवे के नियमों के खिलाफ यात्रा करने वाले 235 यात्रियों को पकड़ा गया, जिनसे मौके पर ही 1 लाख 22 हजार रुपए से अधिक का जुर्माना वसूला गया.
चक्रधरपुर मंडल की बड़ी कार्रवाई
इससे पूर्व चक्रधरपुर रेल मंडल के आदेश पर टाटानगर सहित मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर व्यापक अभियान चलाया गया था. उस कार्रवाई में कुल 603 यात्रियों को बिना टिकट या अनियमित टिकट पर यात्रा करते हुए पकड़ा गया था. इन यात्रियों से दंड स्वरूप 4.25 लाख रुपए से ज्यादा की राशि वसूली गई. रेलवे की इस लगातार कार्रवाई से बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों में हड़कंप मचा हुआ है.
जागरूकता और राजस्व की सुरक्षा
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस तरह के विशेष जांच अभियानों का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को वैध टिकट के साथ यात्रा करने के प्रति जागरूक करना है. रेलवे ने स्पष्ट किया है कि ट्रेनों में बढ़ती भीड़ और आरक्षित सीटों पर अनाधिकृत कब्जा रोकने के लिए आने वाले दिनों में भी यह अभियान जारी रहेगा. यात्रियों से अपील की गई है कि वे उचित श्रेणी का टिकट लेकर ही यात्रा करें ताकि जुर्माना और कानूनी कार्रवाई से बच सकें.