Jamtara: जामताड़ा जिले के कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के तेलियांडीह गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। करीब चार दिनों से लापता 26 वर्षीय प्रीति देवी का शव उसके घर से लगभग 200 मीटर दूर स्थित एक कुएं से बरामद किया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में ले लिया।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
मौके पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
मायके वालों ने पति समेत तीन लोगों पर लगाया हत्या का आरोप
मृतका की मां अनीता देवी और अन्य परिजनों ने प्रीति के पति सुबोध रवानी सहित परिवार के तीन लोगों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। परिजनों का कहना है कि प्रीति की शादी वर्ष 2016 में सुबोध रवानी के साथ हुई थी और इस दंपति के दो बच्चे भी हैं।
दहेज को लेकर प्रताड़ना का आरोप
परिवार के अनुसार, शादी के कुछ वर्षों बाद से ही ससुराल पक्ष की ओर से दहेज की मांग को लेकर प्रीति को मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जा रहा था। परिजनों को आशंका है कि इसी प्रताड़ना के कारण उसकी हत्या कर दी गई और मामले को छिपाने के लिए शव को कुएं में फेंक दिया गया।
मायके में पसरा मातम
मृतका का मायका देवघर जिले के करो थाना क्षेत्र के भवनपुर गांव में है। बेटी की मौत की खबर मिलते ही मायके वालों में शोक की लहर दौड़ गई है और पूरा परिवार गहरे सदमे में है।
पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
कर्माटांड़ थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि परिजनों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और हर पहलू की गहन जांच की जा रही है। दोषियों की पहचान होने के बाद उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।