Ranchi News: सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए सोमवार को रांची जिला प्रशासन की ओर से सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया. उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी के नेतृत्व में शहर के कई इलाकों में वाहनों की जांच की गई.
यह जांच अभियान तुपुदाना, दलादली, रातू, रिंग रोड और कांके क्षेत्र में चलाया गया, जहां बड़ी संख्या में वाहनों को रोककर उनके दस्तावेजों और नियमों के पालन की जांच की गई.
176 वाहनों की जांच
अभियान के दौरान करीब 176 वाहनों की जांच की गई. इनमें भारी वाहन, यात्री वाहन, व्यावसायिक वाहन और निजी गाड़ियां शामिल थीं. जांच के समय अधिकारियों ने वाहनों का टैक्स, फिटनेस सर्टिफिकेट, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र (PUC), परमिट, ड्राइविंग लाइसेंस और ओवरलोडिंग समेत अन्य यातायात नियमों की विस्तार से जांच की.
जांच के दौरान 15 वाहन नियमों का उल्लंघन करते पाए गए, जिनके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई. इन वाहनों से कुल 3,61,751 रुपये का जुर्माना वसूला गया.
नियमों का गंभीर उल्लंघन करने वाले दो वाहनों को जब्त
इसके अलावा नियमों का गंभीर उल्लंघन करने वाले दो वाहनों को जब्त भी किया गया. इनमें से एक वाहन को रातू थाना और दूसरे को कांके थाना में सुरक्षित रखा गया है. इन मामलों में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है.
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि सड़कें सभी लोगों की साझा संपत्ति हैं और यातायात नियमों का पालन करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है. प्रशासन का लक्ष्य रांची की सड़कों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और प्रदूषण मुक्त बनाना है. उन्होंने यह भी बताया कि भविष्य में भी इस तरह के जांच अभियान नियमित रूप से चलाए जाते रहेंगे.