प्रारंभिक आकलन के अनुसार करीब 200 कुख्यात फरार अपराधियों पर इनाम घोषित किए जाने की तैयारी चल रही है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश के बाद जिलों में ऐसे अपराधियों की पहचान की प्रक्रिया तेज कर दी गई है, जो हत्या, रंगदारी, धमकी, लेवी वसूली, आगजनी और तोड़फोड़ जैसी घटनाओं में शामिल होने के बाद से फरार चल रहे हैं। इन अपराधियों पर इनाम घोषित कर गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जाएगा।
डीजीपी के निर्देश पर कार्रवाई: राज्य की पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) तदाशा मिश्रा ने सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिया है कि अपने-अपने जिलों में सक्रिय आपराधिक गिरोहों के सरगना और उनके सदस्यों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि लंबे समय से फरार अपराधियों को किसी भी हाल में गिरफ्तार किया जाए व आवश्यकता पड़ने पर उन पर इनाम घोषित कर गिरफ्तारी सुनिश्चित हो। डीजीपी के आदेश के बाद पुलिस मुख्यालय ने जिलों से ऐसे अपराधियों की अद्यतन सूची मांगी है, जिनके खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं और जो पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए लंबे समय से फरार हैं।
गिरोह के नेटवर्क को भी तोड़ने की तैयारी
पुलिस सूत्रों के अनुसार केवल फरार अपराधियों की गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि उनके आपराधिक नेटवर्क को भी ध्वस्त करने की रणनीति बनाई जा रही है। इसके तहत गिरोह के सरगना, सहयोगियों और आर्थिक मदद देने वालों की भी पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि फरार अपराधियों पर इनाम घोषित होने के बाद उनकी सूचना देने वालों की संख्या बढ़ेगी और गिरफ्तारी में तेजी आएगी। इससे राज्य में संगठित अपराध और रंगदारी जैसे मामलों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में मदद मिलेगी।