Chatra News: जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई. यह हादसा चंदरी गोविंदपुर पंचायत के अनंतपुर गांव के टोंगरी पहाड़ी टोला के पास हुआ. हादसे में युवक की मोटरसाइकिल भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
ग्रेडर मशीन ने मारी बाइक सवार युवक को टक्कर
बताया जा रहा है कि इलाके में मिट्टी खुदाई और जमीन समतलीकरण का काम चल रहा था. इसी दौरान मिट्टी लेकर लौट रही एक ग्रेडर मशीन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई थी.
घटना के बाद इलाके में भारी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए और गुस्से में आकर ग्रेडर मशीन के चालक को पकड़ लिया. आक्रोशित लोगों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी. बाद में गांव के कुछ समझदार लोगों और स्थानीय बुद्धिजीवियों के हस्तक्षेप से चालक को भीड़ से बचाया गया. इसके बाद घायल चालक को पुलिस के हवाले कर दिया गया.
इसको लेकर पहले भी कई बार विरोध
ग्रामीणों का कहना है कि बिहार में बन रहे एक्सप्रेसवे सड़क निर्माण के लिए झारखंड के सीमावर्ती इलाकों से अवैध तरीके से मिट्टी उठाई जा रही है. इसको लेकर पहले भी कई बार विरोध किया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद यह काम जारी है.
स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि ग्रेडर मशीन का चालक हेडफोन लगाकर वाहन चला रहा था, जिससे उसकी लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ. फिलहाल मृतक का शव और उसकी क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल ग्रेडर मशीन में ही फंसी हुई है.
घटना की सूचना मिलते ही प्रतापपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गई. थाना प्रभारी आलोक रंजन चौधरी पुलिस बल के साथ स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे हैं. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है.