National News: भारतीय नौसेना ने अग्निवीर (INET) 2026 भर्ती के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. इस भर्ती के तहत अलग-अलग बैचों के लिए देशभर के योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों से ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं. जो युवा भारतीय नौसेना में शामिल होकर देश की सेवा करना चाहते हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट Joinindiannavy.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं. आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे जारी नोटिफिकेशन को ध्यान से पढ़ लें, ताकि योग्यता, आयु सीमा और अन्य आवश्यक शर्तों की सही जानकारी मिल सके.
आवेदन की प्रक्रिया और योग्यता
इस भर्ती प्रक्रिया में Agniveer SSR 01/2027, SSR 02/2027, Agniveer MR 01/2027, MR 02/2027 और SSR (Medical) 02/2027 बैच शामिल हैं. शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो SSR पद के लिए उम्मीदवार का 12वीं पास होना जरूरी है, जिसमें गणित और फिजिक्स विषय होने चाहिए और कम से कम 50 प्रतिशत अंक होने चाहिए. वहीं MR पद के लिए 10वीं पास होना आवश्यक है और कुल मिलाकर 50 प्रतिशत अंक होने चाहिए। SSR (Medical) पद के लिए उम्मीदवार का 12वीं में फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी (PCB) विषयों के साथ पास होना जरूरी है, जिसमें कुल 50 प्रतिशत अंक और प्रत्येक विषय में कम से कम 40 प्रतिशत अंक होना अनिवार्य है.
अग्निवीर भर्ती में चयन कई चरणों में
अग्निवीर भर्ती में चयन कई चरणों में किया जाएगा. सबसे पहले उम्मीदवारों को INET की कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) देनी होगी. परीक्षा में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को फिजिकल फिटनेस टेस्ट (PFT) के लिए बुलाया जाएगा, जिसमें 1.6 किलोमीटर दौड़, पुश-अप्स और सिट-अप्स शामिल होंगे. इसके बाद लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी और फिर उम्मीदवारों का मेडिकल परीक्षण किया जाएगा. सभी चरणों में सफल उम्मीदवारों की अंतिम मेरिट सूची जारी की जाएगी.
आवेदन शुल्क और वेतन
आवेदन शुल्क के रूप में सभी उम्मीदवारों को 550 रुपये के साथ 18 प्रतिशत जीएसटी ऑनलाइन जमा करना होगा. चयनित अग्निवीरों को पहले वर्ष करीब 30 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा, जो चार वर्षों में बढ़कर लगभग 40 हजार रुपये प्रतिमाह तक हो जाएगा. आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को पहले वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होगा, इसके बाद लॉगिन कर आवेदन फॉर्म भरना होगा, जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे और अंत में शुल्क जमा कर फॉर्म सबमिट करना होगा. इच्छुक उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें.