Jamshedpur Crime News: गोविंदपुर पुलिस ने चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पूजा कुमारी और चोरी के जेवर खरीदने वाले आभूषण कारोबारी अजय कुमार को गिरफ्तार किया है. सुनील लोहार नामक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके भतीजे के साथ जिसकी शादी तय हुई थी, उसी युवती पूजा कुमारी ने घर से सोने और चांदी के जेवर चोरी कर लिए हैं.
सगाई वाले घर से पार किए जेवर
पीड़ित परिवार ने थाने में लिखित आवेदन देकर बताया कि पूजा कुमारी ने उनके घर से करीब ढाई लाख रुपये मूल्य के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया था. सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के दिशा-निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया और मामले की गहन तफ्तीश शुरू की गई.
साकची में पुलिस की छापेमारी
पुलिस ने जब आरोपी पूजा कुमारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने साकची स्थित आभूषण कारोबारी अजय कुमार के ठिकाने पर छापेमारी की. वहां से चोरी किए गए सोने के टुकड़े, नथिया और चांदी की पायल व चेन बरामद कर ली गई.
आरोपी महिला का रहा है पुराना रिकॉर्ड
पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि गिरफ्तार महिला पूजा कुमारी एक पेशेवर अपराधी है और उसका पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है. बरामद किए गए कुल आभूषणों की बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 2,60,000 रुपये आंकी गई है.
पुलिस टीम ने की त्वरित कार्रवाई
इस पूरी कार्रवाई को गोविंदपुर थाना प्रभारी पवन कुमार के नेतृत्व में किया गया. टीम में उप-निरीक्षक चंद्रशेखर पिंगुआ, संजय कुमार राय और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ली है.