Jharkhand News: झारखंड के चर्चित शराब घोटाला मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की जांच तेज हो गई है. इसी कड़ी में गुरुवार को एजेंसी ने केस के मुख्य आरोपियों में से एक नवीन केडिया से पूछताछ शुरू कर दी है. नवीन केडिया छत्तीसगढ़ के दुर्ग का रहने वाला है और उसे इस घोटाले की अहम कड़ी माना जा रहा है.
सोमवार को हुई थी गिरफ्तारी
एसीबी ने नवीन केडिया को सोमवार को गिरफ्तार किया था, जिसके बाद उसे अदालत ने न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था. अब कोर्ट से विशेष अनुमति मिलने के बाद एसीबी की टीम जेल में नवीन से सवाल-जवाब कर रही है. एजेंसी को उम्मीद है कि इस पूछताछ से घोटाले के पीछे छिपे कई बड़े राज और सिंडिकेट की जानकारी मिल सकेगी.
24 से ज्यादा लोग अब तक गिरफ्तार
शराब घोटाले की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, गिरफ्तारियों का आंकड़ा भी बढ़ता जा रहा है. अब तक इस मामले में दो दर्जन से अधिक आरोपियों को पकड़ा जा चुका है. एसीबी पहले भी कई शराब कारोबारियों और बिचौलियों से पूछताछ कर चुकी है, जिससे जांच का दायरा लगातार बढ़ रहा है.
बड़े खुलासे की उम्मीद
एसीबी के अधिकारियों का मानना है कि नवीन केडिया से मिलने वाली जानकारी से इस घोटाले की पूरी चेन का पर्दाफाश हो सकता है. इसमें कई प्रभावशाली लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है. जांच एजेंसी का पूरा ध्यान अब उन पैसों के लेन-देन पर है जो शराब की बिक्री और लाइसेंस आवंटन में हेराफेरी के जरिए किए गए थे.