Chaibasa: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा घटना गोइलकेरा थाना क्षेत्र के कुईड़ा पंचायत स्थित सिरजनकोचा टोला गांव की है, जहां गुरुवार देर रात एक जंगली हाथी के हमले में 30 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में भय और दहशत का माहौल बन गया है।
घर के बाहर मचाने लगा उत्पात
मिली जानकारी के अनुसार गांव निवासी सतीश बोयपाई की पत्नी रानी बोयपाई गुरुवार देर रात करीब डेढ़ बजे अपने घर के अंदर थी। इसी दौरान अचानक एक जंगली हाथी गांव में आ गया और घरों के आसपास तोड़फोड़ करने लगा। तेज आवाज सुनकर महिला घर से बाहर निकल आई।
सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया
जैसे ही महिला की नजर हाथी पर पड़ी, वह घबराकर वापस घर के अंदर जाने लगी। लेकिन इससे पहले ही हाथी ने अपनी सूंड से उसे पकड़ लिया और जोर से जमीन पर पटक दिया। गंभीर चोट लगने के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों ने मिलकर हाथी को भगाया
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने शोर मचाकर और सामूहिक प्रयास करते हुए काफी देर तक मशक्कत की और आखिरकार हाथी को गांव से भगाकर जंगल की ओर खदेड़ दिया।
वन विभाग की टीम ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए। टीम पूरे मामले की जांच कर रही है और हाथी की गतिविधियों पर नजर रखते हुए उसे जंगल की ओर वापस भेजने की कोशिश कर रही है।
परिजनों को दी गई तत्काल सहायता
वन विभाग की ओर से मृत महिला के परिवार को तत्काल राहत के रूप में 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। विभागीय अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद सरकार की ओर से तय मुआवजा भी परिजनों को दिया जाएगा।