Jharkhand News: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा-2023 की तैयारी कर रहे हजारों अभ्यर्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण नोटिस जारी किया है. आयोग ने अपरिहार्य कारणों का हवाला देते हुए पूर्व में निर्धारित 22 मार्च की लिखित परीक्षा को फिलहाल टाल दिया है.
परीक्षा की नई तारीख और जिलों का चयन
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, अब यह लिखित परीक्षा 14 अप्रैल 2026 को आयोजित की जाएगी. आयोग ने परीक्षा के सफल संचालन के लिए राज्य के 08 प्रमुख जिलों का चयन किया है, जिनमें रांची, रामगढ़, खूंटी, पूर्वी सिंहभूम, बोकारो, धनबाद, देवघर और दुमका शामिल हैं. इन जिलों के विभिन्न केंद्रों पर अभ्यर्थी अपनी परीक्षा देंगे.
शारीरिक दक्षता पास करने वालों को मौका
यह लिखित परीक्षा केवल उन अभ्यर्थियों के लिए आयोजित की जा रही है, जिन्होंने आयोग द्वारा आयोजित शारीरिक दक्षता परीक्षा (दौड़) को सफलतापूर्वक पास कर लिया है. परीक्षा की तिथि आगे बढ़ने से अब छात्रों को लिखित परीक्षा की तैयारी के लिए कुछ और दिनों का अतिरिक्त समय मिल गया है.
आयोग की सलाह
जेएसएससी ने परीक्षार्थियों को किसी भी तरह की अफवाह से बचने की सलाह दी है. आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी और एडमिट कार्ड से संबंधित अपडेट केवल आधिकारिक वेबसाइट पर ही जारी किए जाएंगे. अभ्यर्थी नियमित रूप से पोर्टल चेक करते रहें.