Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-03-13

Gumla News: गुमला में एलपीजी गैस की आपूर्ति पर प्रशासन की नजर, कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

Gumla News: गुमला जिले में घरेलू एलपीजी गैस की उपलब्धता, उपभोक्ताओं की जरूरत और संभावित कालाबाजारी को रोकने के लिए जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण बैठक की. उपायुक्त के निर्देश पर शुक्रवार को जिला आपूर्ति पदाधिकारी की अध्यक्षता में गूगल मीट के माध्यम से बैठक आयोजित की गई. इसमें जिले में गैस की आपूर्ति और वितरण की स्थिति की समीक्षा की गई. बैठक में गुमला, बसिया और चैनपुर के अनुमंडल पदाधिकारी, BPCL, HPCL और IOCL के प्रबंधक, सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी तथा जिले के गैस वितरक शामिल हुए.


बैठक में बताया गया कि गुमला जिले में BPCL के 41,739 उपभोक्ता, HPCL के 16,500 और IOCL के 1,32,903 उपभोक्ता हैं. वर्तमान में जिले में प्रतिदिन लगभग 2300 से 2400 एलपीजी सिलेंडरों का वितरण किया जा रहा है, जिससे उपभोक्ताओं की जरूरत पूरी की जा रही है.


अंतरराष्ट्रीय हालात के कारण बढ़ी थी बुकिंग
अधिकारियों ने बताया कि हाल के दिनों में अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और अमेरिका–ईरान के बीच बढ़ते तनाव की खबरों के कारण कुछ उपभोक्ताओं ने घबराहट में ज्यादा गैस बुकिंग करनी शुरू कर दी थी. इसके कारण गैस बुकिंग सर्वर में तकनीकी समस्या आ गई थी. अब इस समस्या को ठीक कर लिया गया है और 14 मार्च 2026 से उपभोक्ता पहले की तरह आसानी से गैस बुकिंग कर सकेंगे. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है.

डिजिटल माध्यम से भी बुकिंग की सुविधा
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि उपभोक्ता UPI, PhonePe और Google Pay जैसे डिजिटल माध्यमों से भी गैस बुक कर सकते हैं. वर्तमान नियम के अनुसार शहरी क्षेत्रों के उपभोक्ता 25 दिनों के बाद और ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ता 45 दिनों के बाद दोबारा गैस बुक कर सकते हैं. जरूरत पड़ने पर उपभोक्ता अपने नजदीकी गैस एजेंसी से 5 किलोग्राम का छोटा सिलेंडर भी ले सकते हैं.

कालाबाजारी पर होगी कड़ी कार्रवाई
जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने गैस एजेंसी संचालकों और डीलरों को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में गैस की कालाबाजारी नहीं होने दी जाएगी. अगर कहीं से ऐसी शिकायत मिलती है तो संबंधित डीलर या व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जिले में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है, इसलिए अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत के अनुसार ही गैस बुकिंग करें.

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !