Jamshedpur News: जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र स्थित बेलाजुड़ी पंचायत के मलियंता गांव में एक हैरान कर देने वाला हादसा सामने आया है. यहां एक शादी समारोह के दौरान रसगुल्ला गले में फंसने से 41 वर्षीय ललित सिंह की जान चली गई. शुक्रवार देर रात करीब एक बजे हुई इस घटना ने समारोह में मौजूद सभी लोगों को स्तब्ध कर दिया.
सांस की नली में अटका रसगुल्ला
मिली जानकारी के अनुसार ललित सिंह गांव में ही एक शादी में शामिल होने गए थे. खाना खाने के दौरान उन्होंने जैसे ही रसगुल्ला खाया, वह उनके गले में जाकर फंस गया. इसके तुरंत बाद उन्हें सांस लेने में भारी तकलीफ होने लगी और उनकी हालत तेजी से बिगड़ने लगी. वहां मौजूद लोगों ने उनके गले से रसगुल्ला निकालने का काफी प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो सके.
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
ललित की स्थिति गंभीर होते देख परिजन उन्हें तुरंत एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे. हालांकि, अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है. इस घटना के बाद से ही ललित के परिवार में कोहराम मचा हुआ है.
डॉक्टर ने बताई मौत की असली वजह
इस मामले में एमजीएम अस्पताल के डॉ. रोहित झा ने बताया कि हमारे गले में एपिग्लॉटिस (Epiglottis) नामक एक ग्रंथि होती है. इसका मुख्य कार्य भोजन को सांस की नली में जाने से रोकना होता है. डॉक्टर के अनुसार, जब कोई व्यक्ति नशे की हालत में होता है या खाना खाते समय बात या हंसी-मजाक करता है, तो यह ग्रंथि सही तरीके से काम नहीं कर पाती.
ऐसी स्थिति में भोजन सांस की नली में जाकर अटक जाता है, जिससे फेफड़ों तक ऑक्सीजन पहुंचना बंद हो जाती है और इंसान की दम घुटने से मौत हो जाती है. डॉक्टरों ने सलाह दी है कि खाते समय बात करने या नशे में भोजन करने से बचना चाहिए ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके.