Jamshedpur Big Breaking: जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत नीलडीह ब्रिज के पास रविवार दोपहर अपराधियों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया. नामदा बस्ती निवासी चिराग सिंह पर 15 से 20 की संख्या में आए हमलावरों ने चापड़ और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया. घायल युवक को खून से लथपथ हालत में परिजनों ने एमजीएम अस्पताल (MGM Hospital) में भर्ती कराया है, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है.
चेचिस लेकर लौटते समय रास्ते में घेरा
घायल चिराग की बुआ सोनिया ने बताया कि चिराग गाड़ियों की चेचिस चलाने का काम करता है. रविवार को वह चेचिस लेकर बाहर जाने वाला था, जिसके लिए वह नीलडीह स्थित गेस्ट हाउस गया था. वहां से चेचिस के जरूरी कागजात और यात्रा खर्च के लिए 25 हजार रुपये नकद लेकर वह लौट रहा था. इसी दौरान घात लगाए हमलावरों ने उसे रास्ते में घेर लिया और अंधाधुंध हमला शुरू कर दिया.
बस्ती के ही दबंगों पर हमले और लूट का आरोप
परिजनों ने बस्ती के ही देवा, राजू, गब्बर और जसप्रीत समेत अन्य लोगों पर हमले का आरोप लगाया है. शिकायत के अनुसार, हमलावरों ने न केवल चिराग को बुरी तरह पीटा और चापड़ से वार किया, बल्कि उसके पास मौजूद 25 हजार रुपये नकद भी छीन लिए. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और हमलावर मौके से फरार हो गए हैं.
पुरानी रंजिश में वारदात को दिया अंजाम
घटना के पीछे पुरानी रंजिश बताई जा रही है. सोनिया के मुताबिक, शनिवार रात भी इन आरोपियों ने चिराग के साथ मारपीट की थी, लेकिन तब मामला पुलिस तक नहीं पहुंचा था. आज उसी विवाद को लेकर आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से उस पर हमला किया. गोलमुरी पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.