Ranchi News: रांची के कांके थाना क्षेत्र में रविवार को उस वक्त अफरा तफरी मच गई, जब कुछ शरारती तत्वों ने सुनियोजित तरीके से इलाके में गोलीबारी का भ्रम पैदा कर दिया. असामाजिक तत्वों ने न केवल तेज आवाज वाला पटाखा फोड़ा, बल्कि घटना को असली दिखाने के लिए एक घर के आंगन में जिंदा कारतूस भी फेंक दिया. इस अजीबोगरीब हरकत से सुकुरहुटू इलाके के स्थानीय लोग काफी देर तक दहशत में रहे.
जिंदा कारतूस फेंककर पुलिस को उलझाने की कोशिश
जानकारी के मुताबिक रविवार दोपहर सुकुरहुटू स्थित एक घर में अचानक जोरदार धमाके की आवाज हुई. आवाज सुनते ही स्थानीय लोगों को लगा कि किसी ने गोली चलाई है. इसी दौरान एक घर के आंगन में पिस्टल की एक जिंदा गोली (कारतूस) भी मिली, जिससे लोगों का शक यकीन में बदल गया और पूरे क्षेत्र में फायरिंग की अफवाह फैल गई. सूचना मिलते ही कांके थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.
जांच में खुला राज, पटाखे की आवाज को बनाया ढाल
पुलिस ने जब घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से गहन पूछताछ की, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ. पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि असल में कोई फायरिंग हुई ही नहीं थी. कुछ अज्ञात आरोपियों ने जानबूझकर दहशत फैलाने के उद्देश्य से पहले तेज आवाज वाला पटाखा फोड़ा और फिर भागते समय आंगन में कारतूस फेंक दिया. उनकी मंशा यह थी कि कारतूस देखकर लोग और पुलिस इस बात पर यकीन कर लें कि धमाका पटाखे का नहीं बल्कि गोली का था.
सीसीटीवी के जरिए संदिग्धों की तलाश जारी
कांके थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की पहचान के लिए तकनीकी जांच तेज कर दी है. पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि उन लोगों का पता लगाया जा सके जिन्होंने इस हरकत को अंजाम दिया है. पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति भंग करने और झूठी अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.