Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-03-16

Seraikela Breaking: JLKM कोल्हान अध्यक्ष पर घर में घुसकर मारपीट और रंगदारी का आरोप, 7 समर्थक गिरफ्तार

Seraikela Breaking: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में जेएलकेएम (JLKM) के कोल्हान अध्यक्ष नवीन महतो और उनके समर्थकों पर गंभीर आरोप लगे हैं. रसूनिया पंचायत के सुखसारी पुनर्वास गांव निवासी फूलचंद महतो ने आरोप लगाया है कि रविवार देर रात और सोमवार सुबह नवीन महतो ने अपने साथियों के साथ उनके घर पर हमला किया, मारपीट की और 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगी.

देर रात से शुरू हुआ हंगामा, सुबह घर में घुसकर की मारपीट
पीड़ित फूलचंद महतो के अनुसार, रविवार देर रात करीब ढाई बजे नवीन महतो 15 से 20 लोगों के साथ चार गाड़ियों में सवार होकर उनके घर पहुंचे थे. आरोप है कि सभी हथियारबंद थे और नशे की हालत में दरवाजा पीट रहे थे. उस वक्त वे चले गए, लेकिन सोमवार सुबह 6 बजे दोबारा हमला किया गया. आरोपियों ने घर में घुसकर गाली-गलौज की और फूलचंद महतो को घसीटकर बाहर निकाला और उनके साथ जमकर मारपीट की. परिवार की महिलाओं के साथ भी दुर्व्यवहार का आरोप लगाया गया है.

5 लाख की रंगदारी और जान से मारने की धमकी
फूलचंद महतो ने पुलिस को बताया कि नवीन महतो ने उनसे तीन महीने पहले भी 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी. सोमवार को हमला करने के दौरान आरोपियों ने धमकी दी कि यदि पैसे नहीं दिए गए, तो पूरे परिवार को जान से मार दिया जाएगा. इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार बेहद दहशत में है और पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगा रहा है.

ग्रामीणों ने घेरा, पुलिस ने 7 लोगों को दबोचा
घटना के दौरान शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण एकजुट हो गए और हमलावरों को घेर लिया. ग्रामीणों ने मौके से कई लोगों को पकड़कर चांडिल थाना पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने इस मामले में अब तक 7 लोगों को हिरासत में लिया है और दो गाड़ियों को जब्त किया है, जबकि दो अन्य वाहन मौके से फरार होने में सफल रहे. घटनास्थल के पास से एक लाल रंग की मारुति कार भी बरामद हुई है.

फेसबुक पोस्ट से उपजा विवाद?
इस पूरे मामले के पीछे सोशल मीडिया पर किया गया एक पोस्ट मुख्य वजह बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार, फूलचंद महतो ने हाल ही में फेसबुक पर लिखा था कि "कोल्हान अध्यक्ष जहां भी जाएंगे, वहां हार निश्चित है." माना जा रहा है कि इसी राजनीतिक टिप्पणी से नाराज होकर नवीन महतो अपने समर्थकों के साथ फूलचंद के घर पहुंचे थे.

पुलिस जांच और कार्रवाई
चांडिल थाना पुलिस ने हिरासत में लिए गए सात लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पीड़ित परिवार ने औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !