RIMS Ranchi: राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स), रांची के ईएनटी (ENT) विभाग में सुनने से संबंधित गंभीर बीमारियों की सटीक जांच के लिए अत्याधुनिक सुविधाओं की शुरुआत की गई है. रिम्स निदेशक डॉ. राज कुमार ने क्षेत्रीय नेत्र संस्थान में पीटीए (PTA) और बीईआरए (BERA) मशीनों का विधिवत उद्घाटन किया. इस मौके पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. हीरेन्द्र बिरुआ और डॉ. संदीप कुमार सहित विभाग के कई विशेषज्ञ मौजूद रहे.
बाहर जाने की मजबूरी और खर्च से मिलेगी राहत
रिम्स निदेशक डॉ. राज कुमार ने बताया कि अब तक रिम्स में इन मशीनों की सुविधा न होने के कारण मरीजों को मजबूरन निजी अस्पतालों या दूसरे राज्यों का रुख करना पड़ता था. इससे न केवल मरीजों का काफी पैसा खर्च होता था, बल्कि समय की भी बर्बादी होती थी. अब रिम्स में ही इन मशीनों के जरिए बेहद सस्ती और सुलभ दरों पर जांच उपलब्ध होगी, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को सबसे ज्यादा लाभ मिलेगा.
नवजात शिशुओं की जांच में मिलेगी बड़ी मदद
विशेषज्ञ डॉ. संदीप के अनुसार, पीटीए (Pure Tone Audiometry) जांच के जरिए यह पता लगाया जाता है कि व्यक्ति की सुनने की क्षमता कितनी है. वहीं, बीईआरए (Brainstem Evoked Response Audiometry) जांच नवजात शिशुओं और उन मरीजों के लिए जीवनदायिनी है जो अपनी समस्या बोलकर नहीं बता सकते. यह मशीन सुनने की नस की कार्यप्रणाली को समझने में बेहद कारगर है, जिससे जन्मजात बहरेपन का समय रहते पता लगाकर उसका इलाज संभव हो सकेगा.