Jharkhand Weather News: साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से झारखंड में सोमवार को दोपहर के बाद अचानक आसमान में काले बादलों का जमावड़ा लग गया और दिन में ही अंधेरा छा गया। कई जिलों में देर रात तक मेघ गर्जन के साथ रुक-रुक कर हल्की बारिश होती रही। मौसम विभाग के अनुसार रांची में लगभग 5 मिमी बारिश दर्ज की गई।जबकि सबसे अधिक 56 मिमी वर्षा गिरिडीह में रिकॉर्ड की गई। खूंटी और पाकुड़ में ओलावृष्टि की भी सूचना मिली है। नामकुम, ईटकी सहित कई इलाकों में भी ओले गिरे। राजधानी रांची में सोमवार को अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि मौसम में अचानक आए बदलाव के कारण लोगों को दिन में ही शाम जैसा माहौल महसूस हुआ।
आज भी रहेगा मौसम का तीखा रूप
मौसम केंद्र ने राज्य के लगभग सभी जिलों के लिए मेघ गर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। मंगलवार को विशेष रूप से उत्तर-पश्चिमी भाग में गर्जन के साथ बारिश और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार 18 से 20 मार्च तक भी यही स्थिति बनी रह सकती है।
कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं 21 मार्च तक आकाश में बादल छाए रहने और बीच-बीच में तेज हवा चलने का पूर्वानुमान है। खराब मौसम के दौरान लोगों को खुले स्थानों से दूर रहने, पेड़ों के नीचे शरण नहीं लेने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।