Mango Municipal Corporation: मानगो नगर निगम की नवनिर्वाचित मेयर सुधा गुप्ता और सभी 34 वार्ड सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह आज जमशेदपुर समाहरणालय सभागार में सफलतापूर्वक पूरा हुआ. कोल्हान के प्रमंडलीय आयुक्त रवि रंजन कुमार विक्रम ने सभी नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. इस समारोह के साथ ही मानगो नगर निगम के नए बोर्ड ने औपचारिक रूप से अपना कामकाज संभाल लिया है.
डिप्टी मेयर चुनाव की सरगर्मी
मेयर और पार्षदों के शपथ लेने के तुरंत बाद अब डिप्टी मेयर के चुनाव की प्रक्रिया तेज हो गई है. प्रशासनिक स्तर पर मतदान और चयन की तैयारी शुरू कर दी गई है. हालांकि अभी तक आधिकारिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इस महत्वपूर्ण पद के लिए कितने उम्मीदवारों ने अपनी दावेदारी पेश की है. पार्षदों के बीच इस पद को लेकर काफी उत्साह देखा जा रहा है.
चुनावी कार्यक्रम और परिणाम का समय
डिप्टी मेयर चुनाव के परिणामों की घोषणा आज दोपहर 3.30 बजे होने की उम्मीद है. इसके ठीक बाद शाम 4 बजे नवनिर्वाचित डिप्टी मेयर का शपथ ग्रहण आयोजित किया जाएगा. इस अंतिम चरण के साथ ही मानगो नगर निगम की पूरी चुनावी प्रक्रिया पूरी हो जाएगी, जिसके बाद शहर के विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है.