Palamu News: जिले के नवाजयपुर थाना क्षेत्र के कतरी गांव में एक दिल दहला देने वाली हत्या का मामला सामने आया है. यहां एक पत्नी ने ही अपने पति की बेरहमी से हत्या कर दी. पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि महिला ने पहले अपने पति को जहर खिलाया और फिर उसकी ओढ़नी से गला घोंटकर मौत के घाट उतार दिया.
जानकारी के अनुसार, 15 मार्च 2026 को 24 वर्षीय पंकज कुमार यादव की संदिग्ध हालात में मौत की सूचना पुलिस को मिली. सूचना मिलते ही पुलिस मामले की जांच के लिए मौके पर पहुंची. वरीय अधिकारियों के निर्देश पर गठित टीम ने जब घर की तलाशी ली, तो एक कमरे में पंकज का शव पड़ा मिला. उस समय उसकी पत्नी पिंकी कुमारी उर्फ मधु भी उसी कमरे में मौजूद थी.
घंटा के समय पति-पत्नी दोनों कमरे के अंदर थे और दरवाजा बंद था
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ की. ग्रामीणों ने बताया कि घटना के समय पति-पत्नी दोनों कमरे के अंदर थे और दरवाजा बंद था. जब दरवाजा खुलवाया गया तो पंकज मृत अवस्था में मिला. कमरे से उल्टी लगे कपड़े और खून के निशान वाली ओढ़नी भी बरामद हुई, जिससे पुलिस को शक और गहरा गया.
इसके बाद पुलिस ने पिंकी कुमारी से कड़ी पूछताछ की. पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया. आरोपी महिला ने बताया कि वह अपने पति को पसंद नहीं करती थी. इसी वजह से उसने पहले खाने में सल्फास की गोली मिलाकर पंकज को खिला दी. जब जहर के असर से उसकी तबीयत खराब हो गई और उसे उल्टी होने लगी, तभी उसने अपनी ओढ़नी से उसका गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
शादी के बाद से ही पिंकी अधिकतर समय अपने मायके में रहती थी
पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि पंकज और पिंकी की शादी वर्ष 2024 में हुई थी. शादी के बाद से ही पिंकी अधिकतर समय अपने मायके में रहती थी. हाल ही में उनके एक साल के बेटे का जन्मदिन मायके में मनाया गया था, जहां पंकज के साथ मारपीट की घटना भी हुई थी.
इस मामले में मृतक के पिता सत्येंद्र यादव की शिकायत पर नवाजयपुर थाना में केस दर्ज किया गया है. पुलिस ने मुख्य आरोपी पिंकी कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई ओढ़नी और मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया गया है. फिलहाल पुलिस इस मामले में अन्य संभावित लोगों की संलिप्तता की भी जांच कर रही है और उनकी तलाश में छापेमारी जारी है.