Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-03-19

Jamshedpur News: जमशेदपुर में ट्रैफिक पर कड़ा एक्शन, नियम तोड़ने वालों पर लाइसेंस रद्द करने तक की तैयारी

Jamshedpur: जमशेदपुर में बढ़ते सड़क हादसों और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी को लेकर प्रशासन अब सख्त हो गया है. समाहरणालय सभागार में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में यातायात और सड़क सुरक्षा को लेकर बैठक में साफ किया गया कि लापरवाही बरतने वाले चालकों पर अब सिर्फ जुर्माना नहीं, बल्कि कड़ी कार्रवाई की जाएगी, ताकि शहर में सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाया जा सके.
दुर्घटनाओं में कमी, लेकिन लापरवाही जारी
समीक्षा में सामने आया कि जनवरी और फरवरी महीने में पिछले साल की तुलना में सड़क हादसों में कमी आई है. बावजूद इसके, ज्यादातर मामलों में बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों की मौत हो रही है. अधिकारियों ने बताया कि लापरवाही, तेज रफ्तार, गलत दिशा में वाहन चलाना और ड्रिंक एंड ड्राइव हादसों की बड़ी वजह बन रहे हैं.

नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई
बैठक में साफ निर्देश दिया गया कि ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना के साथ लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई की जाए. यात्री वाहन, मालवाहक और स्कूल वैन में ओवरलोडिंग करने और सड़क किनारे कहीं भी सवारी चढ़ाने-उतारने पर वाहन मालिक की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई करने को कहा गया.

फिटनेस और लाइसेंस पर भी नजर
पुरानी और बिना फिटनेस वाली गाड़ियों को सड़क पर चलने से रोकने के निर्देश दिए गए. साथ ही ड्राइविंग ट्रेनिंग संस्थानों को सख्त निर्देश दिया गया कि हेवी लाइसेंस जारी करने से पहले सभी नियमों का सही तरीके से पालन किया जाए.

जागरूकता बढ़ाने पर जोर
उपायुक्त ने स्कूल और कॉलेज के छात्रों के बीच ट्रैफिक नियमों को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया. इसके अलावा शहर में घूम रहे निराश्रित और मानसिक रूप से अस्वस्थ लोगों को आश्रय गृह तक पहुंचाने के लिए ट्रैफिक पुलिस को पहल करने को कहा गया.

मुआवजा मामलों का जल्द निपटारा
हिट एंड रन, जीआईएस बीमा और आपदा योजना के तहत मिलने वाले मुआवजा के लंबित मामलों को जल्द निपटाने और प्रभावित परिवारों को समय पर सहायता देने के निर्देश दिए गए.

बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय, एसडीएम धालभूम अर्णव मिश्रा, डीटीओ धनंजय, एसडीओ घाटशिला सुनील चंद्र, डीएसपी ट्रैफिक सहित कई अधिकारी और ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधि मौजूद रहे.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !