Tata Motors Jamshedpur: टाटा मोटर्स के जमशेदपुर प्लांट के कर्मचारियों के लिए आज का दिन एक बड़ी सौगात लेकर आया है. कंपनी प्रबंधन और "टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन" के बीच बहुप्रतीक्षित ग्रेड रिवीजन समझौते पर आधिकारिक रूप से हस्ताक्षर हो गए हैं. टाटा मोटर्स के इतिहास में यह पहला मौका है जब वर्तमान ग्रेड की अवधि समाप्त होने से पहले ही नए समझौते पर पूर्ण सहमति बनी और इसे सफलतापूर्वक साइन किया गया.
7300 से अधिक कर्मचारियों को मिलेगा सीधा लाभ
इस नए वेतन समझौते से प्लांट के लगभग 7,321 कर्मचारियों को सीधा आर्थिक लाभ मिलने जा रहा है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस बार कर्मचारियों के मासिक वेतन में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से करीब 20,000 रुपये या उससे अधिक की वृद्धि दर्ज की गई है. वेतन में इस बड़ी बढ़ोतरी के बाद कंपनी के पुराने और अनुभवी कर्मचारियों का कुल मासिक वेतन अब "एक लाख रुपये" के आंकड़े को पार करने की संभावना है.
2022 के मुकाबले अधिक हुई वेतन वृद्धि
इससे पहले वर्ष 2022 में चार साल के लिए हुए समझौते में प्रति कर्मचारी करीब 17,000 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी, जिसमें 6,618 रुपये बेसिक पे और लगभग 3,000 रुपये वेरिएबल पे शामिल थे. इस बार की वृद्धि पिछले समझौते के मुकाबले कहीं अधिक प्रभावी है. वर्तमान ग्रेड की मियाद "31 मार्च" को समाप्त होने वाली थी, लेकिन प्रबंधन और यूनियन के बीच लगातार चली बैठकों के दौर के बाद इसे समय से पहले ही अंतिम रूप दे दिया गया.
“अपना घर योजना” और टाटा कमिंस पर भी नजर
इस बार के ग्रेड रिवीजन में कर्मचारियों की नजर पिछले नौ वर्षों से लंबित "अपना घर योजना" पर भी टिकी हुई है, जिसे यूनियन की आमसभा में पहले ही मंजूरी मिल चुकी थी. इसके साथ ही, टाटा मोटर्स के बाद अब "टाटा कमिंस" में भी ग्रेड रिवीजन की प्रक्रिया तेज हो गई है. वहां भी प्रबंधन और यूनियन के बीच सहमति बनने की खबरें आ रही हैं और कर्मचारी "एसीपि योजना" (ACP Scheme) में सकारात्मक बदलाव की उम्मीद कर रहे हैं.
कर्मचारियों में उत्साह और जश्न का माहौल
समझौते पर हस्ताक्षर होते ही प्लांट के भीतर और बाहर कर्मचारियों में जबरदस्त उत्साह देखा गया. वेतन वृद्धि के साथ-साथ बोनस को लेकर भी सकारात्मक संकेत मिले हैं, जिससे हजारों परिवारों के लिए यह समझौता बड़ी राहत और खुशखबरी साबित हुआ है.