Adityapur News: सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर में एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहाँ एक मासूम बच्चे के कथित अपहरण और उसे पड़ोसी के घर में बंधक बनाकर रखने की घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है. स्थानीय लोगों की सक्रियता और साहस की वजह से बच्चे को उसके पड़ोसी रंजीत मंडल के घर से सकुशल बाहर निकाल लिया गया है. ग्रामीणों ने जबरन घर का दरवाजा खुलवाकर इस रेस्क्यू को अंजाम दिया.
दक्षिण मुखी काली मूर्ति मिलने से गहराया संदेह
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपित परिवार पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं. ग्रामीणों का दावा है कि बच्चे को किसी "तंत्र मंत्र" या कथित साधना के उद्देश्य से छिपाकर रखा गया था. संदेह तब और गहरा गया जब घर के अंदर पूजा स्थल की तलाशी ली गई. वहां दक्षिण दिशा की ओर मुख किए हुए माता काली की मिट्टी की एक विशेष मूर्ति स्थापित पाई गई. इस दृश्य को देखकर वहां मौजूद लोगों के बीच तरह तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं.
बस्ती खाली करने का 24 घंटे का अल्टीमेटम
इस घटना से स्थानीय निवासियों में जबरदस्त आक्रोश देखा जा रहा है. गुस्साए लोगों ने आरोपित रंजीत मंडल और उसके परिवार को "24 घंटे के भीतर" बस्ती खाली करने का अल्टीमेटम दे दिया है. इलाके में भारी तनाव को देखते हुए लोगों ने जिला प्रशासन और पुलिस से तत्काल हस्तक्षेप करने की गुहार लगाई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि वे अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर काफी चिंतित हैं और आरोपियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई चाहते हैं.