Jamshedpur Big News: लौहनगरी जमशेदपुर में अपनी सुरक्षा के लिए जमा किए गए लाइसेंसी हथियार वापस न मिलने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है. इस गंभीर मुद्दे को लेकर झारखंड कांग्रेस के प्रदेश सचिव राकेश तिवारी ने सोनारी थाना में एक औपचारिक लिखित शिकायत दर्ज कराई है.
उपचुनाव के दौरान जमा कराए गए थे हथियार
प्राप्त जानकारी के अनुसार नवंबर 2025 में घाटशिला विधानसभा उपचुनाव के समय आदर्श आचार संहिता लागू हुई थी. उस दौरान नियमतः कई लाइसेंसधारकों ने अपने हथियार बिष्टुपुर थाना के ठीक सामने स्थित "एटी दा एंड कंपनी" नामक गन शॉप में जमा कराए थे. चुनाव की प्रक्रिया शांतिपूर्ण संपन्न होने के बाद जब लोग अपने लाइसेंस और रसीद लेकर हथियार वापस लेने पहुंचे, तो दुकान पर ताला लटका मिला.
पांच महीने से दुकान बंद और दुकानदार का मोबाइल स्विच ऑफ
हथियार मालिकों की बेचैनी तब और बढ़ गई जब दुकान के बाहर लगा नोटिस कई महीनों तक नहीं हटा. नोटिस में दुकानदार के बीमार होने और उपचार के लिए शहर से बाहर रहने की बात लिखी गई थी. लेकिन अब लगभग "चार से पांच महीने" बीत जाने के बावजूद दुकानदार का कोई सुराग नहीं मिला है और उसका मोबाइल फोन भी लगातार बंद आ रहा है. इससे लोगों में असुरक्षा की भावना पैदा हो गई है कि कहीं उनके हथियारों का दुरुपयोग न हो जाए.
शिकायत में जिला प्रशासन से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की अपील की है. उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस दिशा में कोई ठोस समाधान नहीं निकाला गया, तो "लाइसेंसधारकों का एक प्रतिनिधिमंडल" बनाकर आगे की उग्र रणनीति तय की जाएगी.