Jamshedpur News: टाटानगर रेलवे स्टेशन और रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए आगामी 23 मार्च का दिन बेहद महत्वपूर्ण होने जा रहा है. दक्षिण पूर्व रेलवे जोन के महाप्रबंधक (GM) अनिल कुमार मिश्रा इस दिन टाटानगर स्टेशन पर नवनिर्मित "विज्ञापन एलईडी" (Advertising LED) का विधिवत उद्घाटन करेंगे. इस डिजिटल पहल से न केवल स्टेशन की भव्यता बढ़ेगी, बल्कि यात्रियों को महत्वपूर्ण सूचनाएं और विज्ञापन भी आधुनिक तरीके से देखने को मिलेंगे.
बागबेड़ा में खुलेगा मल्टी ट्रेनिंग सेंटर
महाप्रबंधक के इस दौरे के दौरान केवल स्टेशन ही नहीं, बल्कि शैक्षणिक और प्रशिक्षण ढांचे पर भी जोर रहेगा. अनिल कुमार मिश्रा बागबेड़ा के लाल बिल्डिंग रेलवे स्कूल परिसर में नवनिर्मित "मल्टी ट्रेनिंग सेंटर" का भी उद्घाटन करेंगे. इस केंद्र के शुरू होने से रेल कर्मचारियों और प्रशिक्षुओं को अत्याधुनिक तकनीकों से रूबरू होने और बेहतर प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा. इस परियोजना को रेलवे के आधुनिकीकरण की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है.
स्टेशन विकास का लेंगे जायजा
उद्घाटन कार्यक्रमों के अतिरिक्त रेल जीएम टाटानगर स्टेशन के पुनर्विकास (Redevelopment) से जुड़ी तैयारियों की भी समीक्षा करेंगे. प्राप्त जानकारी के अनुसार रेल महाप्रबंधक 23 मार्च की सुबह शालीमार से टाटानगर के लिए रवाना होंगे. दिन भर विभिन्न कार्यक्रमों और निरीक्षणों में व्यस्त रहने के बाद वे रात में चक्रधरपुर से वापस "शालीमार" के लिए प्रस्थान करेंगे. उनके इस दौरे को लेकर टाटानगर स्टेशन प्रशासन और चक्रधरपुर रेल मंडल के अधिकारी पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं और तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं.