Jamshedpur : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने ईद, सरहुल, रामनवमी समेत आने वाले सभी प्रमुख त्योहारों को लेकर राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उच्च स्तरीय बैठक की। मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में आयोजित इस बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी जिलों के उपायुक्त और पुलिस अधिकारियों से तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में पूर्वी सिंहभूम जिले के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी, वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडे, सिटी एसपी कुमार शिवाशीष समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हों और किसी भी हाल में अशांति, हिंसा या उपद्रव की स्थिति न बनने दी जाए। उन्होंने पुलिस और प्रशासन को 24 घंटे अलर्ट मोड में रहने को कहा और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर तुरंत कार्रवाई करने का आदेश दिया।
उन्होंने कहा कि ईद, सरहुल, रामनवमी के साथ-साथ हनुमान जयंती और महावीर जयंती जैसे अन्य पर्व भी आते हैं, इसलिए पूरे समय तक सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रहनी चाहिए। संवेदनशील इलाकों और धार्मिक स्थलों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सभी समुदायों के सहयोग से शांति बनाए रखने पर जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री ने जुलूस और शोभायात्राओं को लेकर खास निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जुलूस मार्ग का पहले से भौतिक सत्यापन किया जाए और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाए। हर गतिविधि का डॉक्यूमेंटेशन और वीडियोग्राफी सुनिश्चित करने को कहा गया ताकि भविष्य में बेहतर रणनीति बनाई जा सके।
सोशल मीडिया पर भी कड़ी नजर रखने का निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने अफवाह फैलाने वालों पर तुरंत कार्रवाई करने की बात कही। उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए और आपात स्थिति से निपटने के लिए जगह-जगह सेफ जोन बनाए जाएं।
सबसे अहम निर्देश DJ और गानों को लेकर दिया गया। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि शोभायात्राओं में किसी भी प्रकार के भड़काऊ या उत्तेजक गाने नहीं बजाए जाएं। इसके लिए प्रशासन को पूजा समितियों और अखाड़ों के साथ समन्वय बनाकर केवल प्री-रिकॉर्डेड गानों बजाने का निर्देश देते हुए जुलूस के दौरान बजने वाले गानों का पेनड्राइव उपलब्ध कराने को कहा गया।
इसके अलावा, जुलूस मार्गों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति, पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम, सीसीटीवी निगरानी, ड्रोन से एरियल सर्विलांस, फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस और दंगा नियंत्रण वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। हाईकोर्ट के आदेश के अनुसार झंडों की लंबाई का भी पालन कराने को कहा गया है।
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि त्योहारों के नाम पर किसी को भी अशांति फैलाने की अनुमति नहीं दी जाएगी और सभी जिलों को सतर्क रहकर त्योहारों को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने की जिम्मेदारी निभानी होगी।