Ram Navami 2026: राम नवमी के दौरान अयोध्या में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है. ऐसे में दर्शन, ठहरने, खाने-पीने और आने-जाने में दिक्कत हो सकती है. अगर आप भी इस मौके पर रामलला के दर्शन के लिए जा रहे हैं, तो पहले से थोड़ी तैयारी कर लेना जरूरी है. सही प्लानिंग से यात्रा ज्यादा आसान और आरामदायक हो सकती है.
दर्शन के समय का रखें ध्यान
राम नवमी के दिन मंदिर में भीड़ सबसे ज्यादा रहती है. खासकर दोपहर के समय लाइन लंबी हो सकती है. जो लोग थोड़ा सुकून से दर्शन करना चाहते हैं, वे मुख्य दिन से एक-दो दिन पहले या बाद का समय चुन सकते हैं. त्योहार वाले दिन धैर्य रखना बहुत जरूरी होता है.
अयोध्या कैंट भी है बेहतर ठहराव का विकल्प
अगर मुख्य मंदिर क्षेत्र के आसपास होटल या धर्मशाला न मिले, तो अयोध्या कैंट के आसपास रुकने का विकल्प देखा जा सकता है. वहां से शहर के भीतर आने-जाने के साधन मिल जाते हैं और कई यात्रियों के लिए यह जगह ज्यादा सुविधाजनक पड़ती है. भीड़ के समय मुख्य इलाके की तुलना में वहां ठहरना थोड़ा आसान हो सकता है.
बुकिंग पहले कर लें, आखिरी समय पर हो सकती है दिक्कत
राम नवमी के आसपास होटल और धर्मशालाओं में कमरे जल्दी भर जाते हैं. साथ ही किराया भी बढ़ सकता है. इसलिए जहां रुकना है, उसकी बुकिंग पहले कर लेना बेहतर रहेगा. बिना तैयारी पहुंचने पर परेशानी बढ़ सकती है.
भीड़ में बच्चों और बुजुर्गों का रखें खास ख्याल
त्योहार के समय लंबे इंतजार, पैदल चलने और भीड़ की वजह से छोटे बच्चों और बुजुर्गों को ज्यादा परेशानी हो सकती है. उनके साथ जा रहे हैं तो पानी, जरूरी दवाइयां और हल्का सामान जरूर रखें. कोशिश करें कि बहुत ज्यादा भीड़ वाले समय में उन्हें लेकर लंबी लाइन में न लगें.
सुरक्षा नियमों को हल्के में न ले
मंदिर परिसर में कुछ सामान ले जाने पर रोक हो सकती है. इसलिए घर से निकलने से पहले जरूरी नियम देख लेना ठीक रहता है. कम सामान लेकर चलें और आरामदायक कपड़े व जूते पहनें, क्योंकि कई जगह पैदल चलना पड़ सकता है.
मुख्य मंदिर के अलावा इन जगहों पर भी जा सकते है
अयोध्या जाने वाले श्रद्धालु सिर्फ राम मंदिर ही नहीं, बल्कि हनुमानगढ़ी, कनक भवन, नागेश्वरनाथ मंदिर और सरयू घाट भी जा सकते हैं. शाम के समय सरयू तट का माहौल काफी शांत और आकर्षक रहता है. समय हो तो इन जगहों को भी यात्रा में शामिल किया जा सकता है.
राम नवमी पर अयोध्या की यात्रा आस्था से जुड़ा खास अनुभव होती है, लेकिन भीड़ वाले समय में थोड़ी समझदारी बहुत काम आती है. सही समय, पहले से बुकिंग और धैर्य के साथ यात्रा ज्यादा बेहतर बन सकती है.