Hair Care: सूरज की तेज धूप सिर्फ हमारी त्वचा ही नहीं, बल्कि बालों को भी नुकसान पहुंचाती है। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, अगर आप लंबे समय तक धूप में रहते हैं तो आपके बाल कमजोर होकर झड़ सकते हैं।
बालों पर भी पड़ता है धूप का सीधा असर
अक्सर हम बाहर निकलते समय शरीर और चेहरे पर सनस्क्रीन और चश्मा तो लगा लेते हैं, लेकिन बालों का ध्यान नहीं रखते। जबकि तेज धूप स्कैल्प (सिर की त्वचा) को नुकसान पहुंचा सकती है।
सूरज की UVA और UVB किरणें बालों की ऊपरी परत (क्यूटिकल) को खराब कर देती हैं। इससे बालों की नमी खत्म हो जाती है और बाल रूखे और बेजान होकर टूटने लगते हैं।
तेज धूप से कमजोर होती हैं बालों की जड़ें
हमारे बाल केराटिन नाम के प्रोटीन से बने होते हैं। ज्यादा धूप इस प्रोटीन को कमजोर कर देती है। साथ ही स्कैल्प सूख जाता है, जिससे बालों की जड़ें कमजोर हो जाती हैं और बाल झड़ने लगते हैं।
धूप से बाल खराब होने के संकेत
बालों का रंग बदलना (काले बाल हल्के या लाल दिखने लगें)
दोमुंहे बाल होना, सिर में जलन या खुजली होना।
बालों को कमजोर होने से कैसे बचाएं
धूप में निकलते समय टोपी या दुपट्टा जरूर पहनें
हेयर सनस्क्रीन या सीरम का इस्तेमाल करें, बालों को हाइड्रेट रखें, जैसे एलोवेरा जेल या हेयर मास्क लगाएं, भरपूर पानी पिएं। याद रखें, सिर्फ महंगे शैंपू से बाल स्वस्थ नहीं रहते। उन्हें धूप और गर्मी से बचाना भी उतना ही जरूरी है। अगर बाल बहुत ज्यादा झड़ रहे हैं, तो डॉक्टर से सलाह जरूर लें।