Adityapur Theft News: आदित्यपुर थाना क्षेत्र के रोड नंबर 17 और 18 में शनिवार देर रात करीब 2 बजे चोरों ने दो घरों को निशाना बनाने की कोशिश की. रोड नंबर 18 स्थित एक घर में घुसे दो चोरों ने बिजली पोल से घर को जोड़ने वाले कीमती कॉपर वायर काटकर चोरी कर लिए. हालांकि, घर के सदस्यों और पड़ोसियों की तत्परता के कारण चोर बड़ी वारदात को अंजाम नहीं दे सके और शोर मचते ही अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए.
लगातार बढ़ रही हैं चोरी की घटनाएं
स्थानीय निवासियों के अनुसार, क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से अपराधी काफी सक्रिय हैं. रोड नंबर 17 स्थित उसी घर में कुछ दिन पहले भी साइकिल चोरी की घटना हो चुकी है, जहां इस बार फिर सेंधमारी का प्रयास किया गया. लगातार हो रही इन वारदातों से कॉलोनी वासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है. सूचना मिलते ही आदित्यपुर पुलिस मौके पर पहुँची और मामले की छानबीन शुरू की है, लेकिन चोरों का सुराग अब तक नहीं मिल सका है.
पुलिस गश्ती बढ़ाने की उठी मांग
वार्ड 19 के पूर्व पार्षद प्रत्याशी संजय कुमार शर्मा उर्फ "बबुआ" ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्ती (पेट्रोलिंग) तत्काल बढ़ाने की मांग की है. उन्होंने कहा कि एक साल पहले भी ऐसी ही स्थिति बनी थी, तब स्थानीय लोगों ने टीम बनाकर एक चोर को रंगे हाथों पकड़कर पुलिस को सौंपा था. चोरों का दोबारा सक्रिय होना क्षेत्र की सुरक्षा के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है, जिससे आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है.
सुरक्षा को लेकर निवासियों में डर
कॉलोनी के लोगों ने पुलिस से मांग की है कि इन गिरोहों पर जल्द से जल्द नकेल कसी जाए. लोगों का कहना है कि अगर पुलिस की गश्ती नियमित नहीं हुई, तो वे खुद अपनी सुरक्षा के लिए पहरा देने को मजबूर होंगे. फिलहाल, आदित्यपुर पुलिस संदिग्धों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि बिजली के तार और साइकिल चोरी करने वाले गिरोह को सलाखों के पीछे भेजा जा सके