Jharkhand Health Update: झारखंड के सात जिलों यानी चाईबासा, गुमला, लोहरदगा, रामगढ़, जामताड़ा, चतरा और बोकारो के सदर अस्पतालों में अब सिटी स्कैन की आधुनिक सुविधा उपलब्ध होगी. स्वास्थ्य विभाग ने इन मशीनों की खरीद के लिए 14 करोड़ रूपए की भारी-भरकम राशि स्वीकृत कर दी है. सरकार का लक्ष्य है कि जिला स्तर पर ही मरीजों को बेहतर और सस्ती जांच सुविधाएं प्रदान की जाएं, जिससे उनका आर्थिक बोझ कम हो सके.
सटीक और तेज होगी जांच
प्रत्येक सिटी स्कैन मशीन की लागत लगभग 2 रूपए करोड़ होगी. ये मशीनें “64-स्लाइस” क्षमता वाली होंगी, जो अपनी उच्च तकनीक के लिए जानी जाती हैं. इस उन्नत तकनीक से शरीर के अंदरूनी हिस्सों की जांच अधिक सटीक और तेज हो सकेगी, जिससे डॉक्टरों को इलाज शुरू करने में कम समय लगेगा. यह कदम विशेष रूप से आपातकालीन और दुर्घटना के मामलों में जीवन रक्षक साबित होगा.
मरीजों की संख्या में भारी उछाल
राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूकता और पहुंच बढ़ने से मरीजों की संख्या में रिकॉर्ड बढ़ोतरी हुई है. आंकड़ों के अनुसार, 2016 में जहां इलाज का आंकड़ा 69.9 फीसदी था, वह अब बढ़कर 85.7 फीसदी हो गया है. ओपीडी में आने वाले मरीजों की संख्या भी 2020-21 के 95.49 लाख से ढाई गुना बढ़कर 2.46 करोड़ तक पहुंच गई है, जो सरकारी अस्पतालों पर बढ़ते भरोसे को दर्शाता है.
आईपीडी सेवाओं में भी सुधार
केवल ओपीडी ही नहीं, बल्कि अस्पतालों में भर्ती होने वाले (IPD) मरीजों की संख्या में भी इजाफा हुआ है. यह आंकड़ा 7.71 लाख से बढ़कर 9.17 लाख तक पहुंच गया है. बढ़ती भीड़ और मरीजों की जरूरतों को देखते हुए ही सरकार ने जिला अस्पतालों को हाई-टेक मशीनों से लैस करने का फैसला लिया है. उम्मीद है कि इस पहल से ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों के लाखों लोगों को सीधा स्वास्थ्य लाभ मिलेगा.