Women Empowerment Summit: देश की राजधानी दिल्ली के हयात रीजेंसी में आयोजित "ब्रिक्स चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (BRICS CCI) - महिला सशक्तिकरण वार्षिक शिखर सम्मेलन 2026" में विधायक कल्पना सोरेन को सम्मानित किया गया. विश्व भर की दिग्गज महिला नेताओं और नीति निर्माताओं की मौजूदगी में उन्हें “ट्रेलब्लेजर” पुरस्कार से नवाजा गया. कल्पना सोरेन ने इस गौरवशाली सम्मान को झारखंड की उन तमाम बेटियों और महिलाओं को समर्पित किया, जो हर दिन संघर्ष कर आगे बढ़ रही हैं.
सशक्तिकरण पर साझा किए विचार
समारोह को संबोधित करते हुए कल्पना सोरेन ने सशक्तिकरण की नई परिभाषा पेश की. उन्होंने स्पष्ट किया कि महिला सशक्तिकरण केवल उन्हें शामिल करने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि इसमें "निष्पक्षता" का होना अनिवार्य है. उनके अनुसार, एक सच्ची सशक्त महिला वह है जो न केवल बदलाव के अनुकूल खुद को ढालती है, बल्कि समाज में बदलाव की दिशा भी खुद निर्धारित करती है. उनके इस संबोधन ने अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों को गहराई से प्रभावित किया.
झारखंड मॉडल की वैश्विक सराहना
शिखर सम्मेलन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में चल रहे "झारखंड मॉडल" की जमकर तारीफ हुई. ब्रिक्स देशों के प्रतिनिधियों ने इस बात की सराहना की कि कैसे झारखंड सरकार हाशिए पर रहने वाले समुदायों की महिलाओं की आवाज बुलंद कर रही है. कल्पना सोरेन ने जोर देकर कहा कि हमारा लक्ष्य एक ऐसे भविष्य का निर्माण करना है जहां प्रत्येक महिला को अपनी पूर्ण क्षमता साकार करने की स्वतंत्रता और आत्मविश्वास मिले.