Jamshedpur Big Breaking: एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां कई दिनों से लापता मरीज का शव अस्पताल परिसर में ही मिलने से हड़कंप मच गया. इस घटना ने अस्पताल की सुरक्षा और व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. परिजनों ने मामले में लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध जताया और निष्पक्ष जांच की मांग की है.
जानकारी के अनुसार बागबेड़ा बाबाकुटी निवासी 54 वर्षीय सुनील यादव को 13 मार्च को तबीयत खराब होने के बाद एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था. अगले ही दिन रात में वह अचानक अपने बेड से गायब हो गए. परिजनों ने अस्पताल और आसपास के क्षेत्रों में काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल सका.
बताया जाता है कि सोमवार शाम अस्पताल परिसर में पोस्टमार्टम हाउस के पास एक चाय विक्रेता की नजर कचरे के बीच पड़े एक शव पर पड़ी. सूचना मिलने पर सुरक्षाकर्मी और परिजन मौके पर पहुंचे, जहां शव की पहचान सुनील यादव के रूप में की गई.
परिजनों का कहना है कि मरीज के लापता होने के बाद अस्पताल प्रबंधन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई. सीसीटीवी फुटेज में उन्हें अस्पताल के मुख्य गेट की ओर जाते देखा गया, लेकिन इसके बाद उनकी गतिविधि का कोई पता नहीं चल सका. प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि वह गार्ड रूम के पास पहुंचे होंगे और वहीं गिरने के बाद उनका शव पास के क्षेत्र में पड़ा रह गया.
घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा किया. सूचना पर पुलिस और अस्पताल प्रशासन मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है.