Adityapur News: सरायकेला एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने रामनवमी और चैती छठ पर्व को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए कमर कस ली है. एसपी ने गम्हरिया, आदित्यपुर और आरआईटी थाना प्रभारियों के साथ विशेष बैठक कर सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया है कि जुलूस के निर्धारित रूट का सख्ती से पालन कराया जाए और सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी रखी जाए. किसी भी तरह की भ्रामक खबर या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस तत्काल कठोर दंडात्मक कार्रवाई करेगी.
छठ घाटों का निरीक्षण और गोताखोरों की तैनाती
आस्था के महापर्व चैती छठ को देखते हुए एसपी ने आदित्यपुर स्थित कई प्रमुख घाटों का स्वयं निरीक्षण किया. रामनवमी के जुलूस को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है. एसपी ने सभी पूजा समितियों और आयोजकों से अपील की है कि वे सरकारी गाइडलाइंस का पालन करें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें. उन्होंने चेतावनी दी है कि उत्सव की आड़ में हुड़दंग करने वाले तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा.
आदित्यपुर और आसपास के क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी गई है और सीसीटीवी कैमरों के जरिए भीड़भाड़ वाले इलाकों की निगरानी की जा रही है. प्रशासन की इस सक्रियता से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है.