Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-03-25

Jamshedpur Police Action: शोर मचाने वाले 152 साइलेंसरों पर चला पुलिस का रोड रोलर, सिटी एसपी बोले:- शांति भंग करने वालों पर होगी सख्ती, देखें VIDEO

Jamshedpur Police Action: जमशेदपुर पुलिस ने शहर की शांति और सुकून में खलल डालने वाले मॉडिफाइड साइलेंसरों के खिलाफ बुधवार को कड़ा प्रहार किया. साकची थाना परिसर में दोपहर 3 बजे एक विशेष अभियान के तहत कुल 152 जब्त किए गए “हेवी साइलेंसरों” को सड़क पर बिछाकर उन पर रोड रोलर चला दिया गया. यह कार्रवाई सिटी एसपी कुमार शिवाशीष और ट्रैफिक डीएसपी नीरज कुमार की मौजूदगी में की गई. पुलिस ने पिछले कुछ दिनों में विभिन्न थाना क्षेत्रों से रैश ड्राइविंग और तेज आवाज करने वाले इन उपकरणों को जब्त किया था, जिन्हें अब पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया है.

अस्पतालों, बुजुर्गों और बच्चों की परेशानी को देखते हुए लिया फैसला
मौके पर मौजूद सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने स्पष्ट किया कि यह अभियान ध्वनि प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए चलाया गया है. उन्होंने कहा कि "तेज आवाज वाले साइलेंसरों से अस्पतालों में भर्ती मरीजों, बुजुर्गों और छोटे बच्चों को काफी मानसिक व शारीरिक परेशानी होती है." शहरवासियों को इस शोर से निजात दिलाने के लिए ही प्रशासन ने इन साइलेंसरों को नष्ट करने का निर्णय लिया. पुलिस का उद्देश्य यह संदेश देना है कि सड़क पर स्टंटबाजी और शोर मचाना अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

आगामी रामनवमी को देखते हुए प्रशासन मुस्तैद
जमशेदपुर प्रशासन ने यह कार्रवाई आगामी रामनवमी के त्योहार को ध्यान में रखते हुए की है. त्योहार के दौरान निकलने वाले जुलूसों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में शांति व्यवस्था बनी रहे, इसके लिए पुलिस पहले से ही सक्रिय है. अक्सर पर्व-त्योहारों के मौके पर कुछ युवा मॉडिफाइड बाइक लेकर हुड़दंग मचाते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. इस सख्त कदम के जरिए ऐसे असामाजिक तत्वों को कड़ी चेतावनी दी गई है कि नियम तोड़ने पर गाड़ी और सामान दोनों जब्त होंगे.

आगे भी जारी रहेगा अभियान, रैश ड्राइविंग पर रहेगी नजर
पुलिस अधिकारियों ने संकेत दिया है कि यह अभियान केवल आज तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आने वाले दिनों में और तेज किया जाएगा. जमशेदपुर के विभिन्न चौक-चौराहों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाकर ऐसी गाड़ियों को चिह्नित किया जा रहा है जिनमें कंपनी के मानक से हटकर साइलेंसर लगाए गए हैं. प्रशासन ने वाहन स्वामियों से अपील की है कि वे अपनी बाइक में बदलाव न करें और यातायात नियमों का पालन करें. इस कार्रवाई के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद था, जिसने नष्ट किए गए साइलेंसरों के मलबे को कचरे के रूप में डिस्पोज करने की प्रक्रिया पूरी की.


WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !