Jamshedpur: जमशेदपुर के साकची स्थित झंडा चौक पर रामनवमी के अवसर पर भक्ति और उत्साह का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सामाजिक एवं धार्मिक संस्था श्री श्री बाल मंदिर सेवा समिति के तत्वावधान में भव्य आरती सह दीपोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे क्षेत्र में “जय श्रीराम” के नारों की गूंज सुनाई देती रही।
साकची बाजार में प्रभु श्रीराम की आकर्षक रंगोली बनाई गई, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा। अयोध्या के राम मंदिर की तर्ज पर भव्य दरबार भी सजाया गया, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। विद्युत सज्जा की रोशनी से पूरा इलाका जगमगा उठा और वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
बनारस की तर्ज पर हुई महाआरती
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बनारस की तर्ज पर आयोजित महाआरती रही। अस्सी घाट के प्रसिद्ध आचार्य के नेतृत्व में पंडितों के समूह ने पूरे विधि-विधान के साथ प्रभु श्रीराम की आरती की। शाम करीब 7 बजे शंखध्वनि और घंटों की गूंज के बीच आरती शुरू हुई, जिसने पूरे माहौल को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।
आरती के दौरान श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। साकची का हर कोना भक्तों से भरा नजर आया और लोग श्रद्धा के साथ इस भव्य आयोजन का हिस्सा बने।
आज होगा बाल हनुमान सजाओ प्रतियोगिता
रामनवमी महोत्सव के तहत गुरुवार 26 मार्च 2026 को साकची झंडा चौक में “बाल हनुमान सजाओ प्रतियोगिता” और आकर्षक झांकियों का आयोजन किया जाएगा। शहर के विभिन्न क्षेत्रों से बच्चे बाल हनुमान के रूप में सजकर अपनी प्रस्तुति देंगे, जिसे लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
इस आयोजन ने पूरे जमशेदपुर को राममय बना दिया है और श्रद्धालुओं के बीच भक्ति और उत्साह का अनोखा संगम देखने को मिल रहा है।