Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-03-26

Garhwa News: गढ़वा में मिलावटी मिठाइयों पर चला प्रशासन का डंडा, 150 किलो मिलावटी मिठाइयां बरामद, दुकान सील

Garhwa: आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए गढ़वा जिला प्रशासन ने खाद्य सुरक्षा को लेकर सख्त रुख अपनाया है। उपायुक्त के निर्देश पर जिले में विशेष जांच अभियान चलाया गया, जिसका नेतृत्व खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी दीपश्री ने किया। इस दौरान शहर के मुख्य बाजार, बस स्टैंड और अन्य खाद्य दुकानों की गहन जांच की गई।

गोदाम से भारी मात्रा में मिलावटी मिठाइयां बरामद
निरीक्षण के क्रम में टीम ने मनीष प्लास्टिक नामक गोदाम में छापेमारी की, जहां बिहार के औरंगाबाद से लाई गई करीब 150 किलो संदिग्ध मिठाइयां बरामद हुईं। इनमें रसगुल्ला, बर्फी समेत अन्य मिठाइयां शामिल थीं। जांच के दौरान इन्हें मिलावटी पाए जाने पर टीम ने नमूने सुरक्षित किए और शेष सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया।

बिना लाइसेंस चल रही दुकान पर कार्रवाई
इसके बाद खाद्य सुरक्षा टीम ने मेन रोड स्थित विजय स्वीट्स का निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि पूर्व में निर्देश दिए जाने के बावजूद यह दुकान बिना वैध खाद्य लाइसेंस के संचालित हो रही थी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से दुकान को बंद करा दिया।

बस स्टैंड क्षेत्र में भी हुई जांच
अभियान के दौरान बस स्टैंड इलाके की कई दुकानों का भी निरीक्षण किया गया। यहां से भी खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्रित किए गए, जिन्हें जांच के लिए भेजा जाएगा।

मिलावटखोरों को कड़ी चेतावनी
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने साफ तौर पर कहा कि त्योहारों के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री किसी भी हालत में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने दुकानदारों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कहीं भी मिलावट पाई जाती है, तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन का साफ संदेश, सेहत से समझौता नहीं
इस पूरे अभियान में खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों संतोष कुमार, विवेक तिवारी के साथ पुलिस बल भी मौजूद रहा। प्रशासन ने इस कार्रवाई के जरिए स्पष्ट कर दिया है कि त्योहारों के दौरान लोगों की सेहत और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी तरह की लापरवाही या मिलावटखोरी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !