Dhanbad News: शहर में स्मार्ट मीटर के कारण एक साथ हजारों घरों की बिजली काटे जाने के मामले विधायक राज सिन्हा ने गुरुवार को हस्तक्षेप किया और बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर समाधान निकालने की पहल की, जिससे उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलने जा रही है। बताया जा रहा है कि काटे गए करीब 20 हजार बिजली कनेक्शन फिर बहाल किये जाएंगे।
अचानक हजारों कनेक्शन काटे जाने से नाराज ते उपभोक्ता
बीते बुधवार को धनबाद में करीब 20 हजार बिजली कनेक्शन अचानक काट दिए गए थे। विभाग की इस कार्रवाई से उपभोक्ताओं में भारी नाराजगी थी। बिना पूर्व सूचना बिजली कटने, बढ़े हुए बिजली बिल व रिचार्ज से जुड़ी समस्याओं को लेकर लोगों ने विरोध प्रदर्शन भी किया। हीरापुर बिजली कार्यालय में सैकड़ों उपभोक्ताओं ने हंगामा किया और विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाए।
इस मुद्दे पर विधायक राज सिन्हा ने JBVNL के महाप्रबंधक अशोक कुमार सिन्हा से मिलकर उपभोक्ताओं की समस्याओं से अवगत कराया। वार्ता के बाद विधायक ने मीडिया को बताया कि बातचीत सकारात्मक रही. जिन उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए थे उन्हें पुनः बहाल करने का निर्णय लिया गया है. अधिकांश कनेक्शन बहाल किए जा चुके हैं और शेष लगभग 6 हजार कनेक्शन भी जोड़ दिए जाएंगे।
JBVNL के महाप्रबंधक अशोक कुमार सिन्हा ने बताया कि उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अब सभी सबस्टेशनों पर हेल्प डेस्क शुरू की जाएगी। इसके साथ ही जिन उपभोक्ताओं पर अधिक बकाया है उन्हें किस्तों में भुगतान की सुविधा दी जाएगी।