Jharkhand News: झारखंड सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के समापन को ध्यान में रखते हुए एक अहम निर्णय लिया है. वित्त विभाग ने गुरुवार को आदेश जारी कर बताया कि 28 मार्च शनिवार को भी राज्य के सभी प्रमुख कोषागार सामान्य कार्यदिवस की तरह खुले रहेंगे, ताकि बजट खर्च और भुगतान की प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके.
किन-किन कोषागारों में होगा काम
वित्त विभाग की निदेशक संध्या गुप्ता द्वारा जारी निर्देश के अनुसार, राजधानी रांची के प्रोजेक्ट भवन स्थित कोषागार (साइबर कोषागार सहित) और डोरंडा कोषागार (SNA कोषागार सहित) खुले रहेंगे. इसके अलावा राज्य के सभी जिलों और उप-कोषागारों में भी कामकाज जारी रहेगा.
सरकार ने क्यों लिया फैसला
मार्च महीना वित्तीय वर्ष का अंतिम महीना होता है, जिसमें सरकारी विभागों को अपने-अपने बजट का उपयोग और बिलों का भुगतान करना होता है. इस दौरान भुगतान का दबाव काफी बढ़ जाता है. इसी को देखते हुए सरकार ने यह फैसला लिया है, ताकि किसी भी विभाग का भुगतान लंबित न रहे और सभी बिल समय पर पास हो सकें.
अधिकारियों को दिए गए सख्त निर्देश
वित्त विभाग ने कोषागार अधिकारियों को साफ निर्देश दिए हैं कि 28 मार्च को मिलने वाले सभी बिल उसी दिन स्वीकार किए जाएं और उनकी जांच कर भुगतान की प्रक्रिया पूरी की जाए. साथ ही बैंकिंग सेवाएं और तकनीकी सिस्टम भी सुचारू रूप से चलते रहें, ताकि किसी तरह की देरी न हो.
इस संबंध में भारतीय रिजर्व बैंक के मुंबई स्थित केंद्रीय कार्यालय, रांची के उपायुक्त और राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति को भी सूचना भेज दी गई है.