Jamshedpur News: श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर परिसर के कोने में शीघ्र ही गोसेवा केंद्र की स्थापना होगी और परिसर में सनातन सदन भी बनेगा। श्रीरामनवमी के दिन गोसेवा केंद्र और सनातन सदन का भूमिपूजन जमशेदपुर पश्चिम के विधायक और श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर जीर्णोद्धार समिति के संयोजक सरयू राय ने किया। सरयू राय ने बताया कि सनातन सदन में सनातन संस्कृति के साहित्य, ग्रंथ, वेद-पाठ, कर्मकांड, पूजा पद्धतियों की पुस्तकें और साहित्य का संचयन रहेगा, साथ ही कर्मकांडी पंडितों को प्रशिक्षित किया जाएगा।
तीन तलों का होगा निर्माण
सरयू राय ने बताया कि सनातन सदन में सास्कृतिक और मांगलिक कार्य भी होंगे। आज इसके एक तल का भूमिपूजन हुआ है। सनातन सदन में तीन तल होंगे। दो तल बाद में जोड़े जाएंगे। ऊपर के दो तलों को पूरी तरह से सांस्कृतिक-आध्यात्मिक पुस्तकालय, वाचनालय के रुप में उपयोग किया जाएगा।
श्री राय ने बताया कि मंदिर परिसर के एक स्थान को गोसेवा केंद्र में रुप में विकसित किया जाएगा। उसका भी आज भूमिपूजन हो गया है। आज कुंगनूर नस्ल की दो छोटी गायें लाई गई थीं। मंदिर प्रबंधन द्वारा भी गोसेवा केंद्र के लिए एक जोड़ी गाय मंगाई जाएंगी। मंदिर परिसर में गोमाता तथा भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा स्थापित होगी।
मंदिर परिसर में हुआ कन्या पूजन और ध्वज पूजन
श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर परिसर में सरयू राय ने डेढ़ दर्जन कुआंरी कन्याओं की पूजा की, उन्हें प्रसाद ग्रहण कराया और चुनरी के साथ-साथ उपहार भी भेंट किये। मंदिर परिसर में विधायक सरयू राय ने राकेश ओझा और अजय तिवारी के वैदिक मंत्रों के बीच विधि-विधान से ध्वज पूजा की।