Noida Airport Inauguration: जेवर में बनने वाला नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट अब हकीकत बन चुका है। करीब 30 साल से चल रहा यह सपना अब साकार हो गया है। शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस एयरपोर्ट के पहले चरण का उद्घाटन किया। दिल्ली से सटे इस इलाके में एयरपोर्ट शुरू होने से पूरे एनसीआर के विकास को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश अब 5 इंटरनेशनल एयरपोर्ट वाला देश का पहला राज्य बन गया है।
जेवर एयरपोर्ट को मिली नई रफ्तार
इस प्रोजेक्ट की शुरुआत काफी पहले हुई थी, जब बीजेपी प्रमुख मायावती की सरकार में जेवर में एयरपोर्ट बनाने की योजना तैयार की गई थी। उन्होंने जमीन अधिग्रहण का प्लान भी बनाया और केंद्र को प्रस्ताव भेजा, लेकिन उस समय मंजूरी नहीं मिल सकी और योजना लंबे समय तक फाइलों में ही अटकी रही। इसके बाद साल 2014 में केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार आने के बाद इस प्रोजेक्ट पर फिर से काम शुरू हुआ।
योगी सरकार में मिली रफ्तार, चुनौतियों के बीच पूरा हुआ सपना
साल 2017 में जब उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की सरकार बनी, तब इस प्रोजेक्ट को तेजी मिली। केंद्र से मंजूरी मिलने के बाद जमीन अधिग्रहण और निर्माण का काम आगे बढ़ा। नए भूमि अधिग्रहण कानून के कारण किसानों की सहमति लेना सबसे बड़ी चुनौती थी, लेकिन सरकार और प्रशासन ने मिलकर इसे सफल बनाया। 2021 में शिलान्यास हुआ और 2022 से निर्माण कार्य शुरू हुआ, जिसे लगातार मॉनिटर किया जा रहा था।
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मेहनत से जमीन पर उतरा प्रोजेक्ट
इस प्रोजेक्ट को जमीन पर उतारने के लिए कई अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का बड़ा योगदान रहा। जेवर के विधायक धीरेन्द्र सिंह ने किसानों को समझाकर उनकी सहमति दिलाने में अहम भूमिका निभाई। वहीं, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड के पहले सीईओ डॉ. अरुण वीर सिंह ने सर्वे, टेंडर, शिलान्यास और निर्माण की पूरी प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संभाला। नोडल अधिकारी शैलेंद्र भाटिया, पूर्व डीएम बीएन सिंह और सीईओ राकेश कुमार सिंह ने भी जमीन अधिग्रहण से लेकर लाइसेंस और निर्माण तक हर स्तर पर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जेवर एयरपोर्ट बदलेगा पूरे क्षेत्र की तस्वीर
यह एयरपोर्ट कई सालों की मेहनत, संघर्ष और मजबूत इच्छाशक्ति का परिणाम है। मायावती से शुरू हुई यह योजना, मोदी और योगी सरकार के प्रयासों से पूरी हो गई।अब जेवर एयरपोर्ट के शुरू होने से न सिर्फ यातायात आसान होगा, बल्कि रोजगार, व्यापार और निवेश के नए मौके भी खुलेंगे। यह प्रोजेक्ट आने वाले समय में पूरे क्षेत्र की तस्वीर बदलने वाला साबित हो सकता है।