Jamshedpur News: शहर में शिक्षा और ज्ञान के क्षेत्र में एक नई पहल के तहत दिशोम गुरु मेमोरियल लाइब्रेरी का भव्य उद्घाटन उपायुक्त द्वारा किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जुगसलाई के विधायक मंगल कालिंदी एवं जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू उपस्थित रहीं।
एक समय में 120 छात्रों के बैठने की है व्यवस्था
उद्घाटन समारोह के दौरान अतिथियों ने लाइब्रेरी की व्यवस्था और सुविधाओं का अवलोकन किया तथा इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह पुस्तकालय क्षेत्र के छात्रों और युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण संसाधन साबित होगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में इस तरह के प्रयास समाज को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
लाइब्रेरी की विशेषता यह है कि इसमें करीब 30,000 पुस्तकों को रखने की क्षमता है, जिसमें विभिन्न विषयों से संबंधित किताबें उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके साथ ही यहां एक समय में लगभग 120 छात्र बैठकर शांत वातावरण में अध्ययन कर सकेंगे। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह लाइब्रेरी विद्यार्थियों के लिए एक बेहतर अध्ययन केंद्र के रूप में विकसित की गई है।
कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने उम्मीद जताई कि यह लाइब्रेरी आने वाले समय में छात्रों के बीच ज्ञानार्जन का प्रमुख केंद्र बनेगी और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को विशेष लाभ पहुंचाएगी। उद्घाटन के मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और छात्र-छात्राएं भी उपस्थित रहे, जिनमें इस नई सुविधा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।