Jharkhand News: पश्चिमी सिंहभूम जिले में परमाणु खनिजों की खोज को लेकर भारत सरकार के परमाणु ऊर्जा विभाग के तहत कार्यरत परमाणु खनिज अन्वेषण एवं अनुसंधान निदेशालय (एएमडी) की टीम सक्रिय हो गई है। विभाग द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सर्वेक्षण कार्य शुरू करने की तैयारी की गई है। चक्रधरपुर प्रखंड की सिलफोड़ी पंचायत के पुसालोटा जंगल में भी कुछ दिनों पूर्व सर्वे किया गया था।
ग्रामीणों ने लिया किसी भी हाल में माइनिंग ना होने देने का निर्णय
ग्रामीणों को अब डर सता रहा है कि विभाग की ओर से माइनिंग न कराई जाए। इसे लेकर ग्रामीणों ने विरोध जताया है। विरोध को लेकर पुसालोटा गांव में ग्राम सभा का आयोजन किया गया, जिसमें तीन गांव के सैकड़ों ग्रामीण शामिल हुए और माइनिंग का विरोध जताया। ग्रामसभा मुरहातु मुंडा साधुचरण जोंको, पुसालोटा गांव मुंडा रांदो कोड़ाह और गुड़गांव मुंडा के नेतृत्व में की गई।
इस दौरान ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि किसी भी हाल में माइनिंग नहीं करने दिया जाएगा। ग्रामीणों ने कहा कि कुछ अधिकारियों से जानकारी मिली है कि यूरेनियम को लेकर माइनिंग किया जाना है। अगर माइनिंग का प्रयास किया गया तो इसका जोरदार तरीके से विरोध कर आंदोलन किया जाएगा।
इस मौके पर मुखिया माझी जोंको, समाजसेवी दयासागर केराई, रमेश कोड़ाह, ओयबोन बोयपाई, सुकमती जोंको, रवि सोय, अंजली कांडेयांग, पोंडेराम जोंको, लक्ष्मी जोंको, उज्ज्वल राम कोड़ाह, बैजंती रुईडीह, सेलाई बानसिंह, जसिंता बोयपाई, लोंजो हेंब्रम, मेंजो कोड़ाह, मधु कोड़ाह, नानिका बोयपाई भी मौजूद थे।