भूमि पूजन कार्यक्रम में फन वर्ल्ड के आयोजक चंद्रशेखर पर्वत मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इस मौके पर शत्रुघ्न गिरी, अधिवक्ता समरेंद्र सिंह, शेखर पॉल, प्रताप सिंह और रुबई सहित शहर के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे और मेले की सफलता की कामना की।
आयोजकों के अनुसार इस वर्ष मेले को पहले से अधिक आकर्षक और रोमांचक बनाया गया है। खास तौर पर सुनामी झूला और रिवॉल्विंग चेयर झूला इस बार मुख्य आकर्षण होंगे। वहीं मेले का प्रवेश द्वार सिंगापुर एयरलाइंस के विमान के आकार में तैयार किया जा रहा है, जो लोगों को दूर से ही आकर्षित करेगा। बच्चों के लिए वाटर बोट, टोरा-टोरा सहित कई आधुनिक झूले भी लगाए जाएंगे।
मेले में मनोरंजन के साथ-साथ खरीदारी का भी खास इंतजाम रहेगा। यहां मिनी भारत की झलक देखने को मिलेगी, जहां देश के विभिन्न राज्यों के हस्तशिल्प उत्पाद उपलब्ध होंगे। इसके अलावा कॉटन गारमेंट्स, महिलाओं, पुरुषों और बच्चों के आधुनिक परिधान के साथ-साथ आकर्षक फर्नीचर की भी बिक्री की जाएगी।
खाने-पीने के शौकीनों के लिए भी मेला खास रहेगा। यहां देश के अलग-अलग हिस्सों के स्वादिष्ट व्यंजन और लजीज नाश्ते का आनंद लिया जा सकेगा, जिससे यह मेला परिवार के साथ समय बिताने के लिए एक बेहतरीन स्थान साबित होगा।
आयोजक चंद्रशेखर पर्वत ने बताया कि यह मेला केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह बड़ी संख्या में बेरोजगारों और कारीगरों को रोजगार उपलब्ध कराने का भी माध्यम है। यहां की गई खरीदारी से स्थानीय कारीगरों और प्रशिक्षित युवाओं को सीधा लाभ मिलता है, जिससे यह मेला स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करता है।