Jharkhand Police: झारखंड में अपराध नियंत्रण और ट्रैफिक मैनेजमेंट को पूरी तरह डिजिटल बनाने के लिए जगन्नाथपुर मंदिर के समीप स्थित “स्टेट कमांड कंट्रोल सेंटर” का काम अब अंतिम चरण में है. इस अत्याधुनिक सेंटर को जल्द से जल्द क्रियाशील (Live) करने के लिए झारखंड सीआईडी मुख्यालय में सी-डैक (C-DAC) और प्रमुख टेलीकॉम कंपनियों के साथ एक हाई-प्रोफाइल मीटिंग हुई. इस बैठक में सिस्टम के टेक्निकल इंटीग्रेशन और हाई-स्पीड कनेक्टिविटी पर चर्चा की गई. हेमंत सरकार की इस महत्वाकांक्षी परियोजना के शुरू होते ही अपराधियों और ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर डिजिटल शिकंजा कस जाएगा.
क्यों पड़ी इस नए हाई-टेक कंट्रोल रूम की जरूरत?
वर्तमान में पूरी रांची की सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था का जिम्मा कचहरी चौक स्थित पुराने कंपोजिट कंट्रोल रूम (CCR) पर ही निर्भर है. शहर का दायरा बढ़ने और ट्रैफिक का दबाव बढ़ने के कारण कचहरी से शहर के दूसरे छोर तक पुलिस बल, एंबुलेंस या दमकल की गाड़ियों को समय पर पहुंचने में अक्सर बड़ी कठिनाई होती थी. इसके अलावा विधानसभा, नया हाईकोर्ट, प्रोजेक्ट भवन और पुलिस मुख्यालय जैसे अति-महत्वपूर्ण वीवीआईपी संस्थान अब नए इलाके में शिफ्ट हो चुके हैं, जिससे सुरक्षा के लिहाज से जगन्नाथपुर क्षेत्र में एक आधुनिक कंट्रोल सेंटर का होना अनिवार्य हो गया था.
24 घंटे मुस्तैद रहेगी क्विक रिस्पांस टीम
यह नया कमांड सेंटर महज कैमरों की मॉनिटरिंग का ऑफिस नहीं, बल्कि एक पूरी तरह आत्मनिर्भर सुरक्षा परिसर है. आपातकालीन स्थितियों में तुरंत मोर्चा संभालने के लिए परिसर में ही दमकल की गाड़ियां, वज्र वाहन और क्विक रिस्पांस टीम (QRT) के गाड़ियां हमेशा स्टैंडबाय मोड पर रहेंगी. सबसे खास बात यह है कि इस सेंटर में ही 200 पुरुष और 100 महिला पुलिसकर्मियों के रहने की वर्ल्ड क्लास आधुनिक व्यवस्था की गई है, जिससे किसी भी आपात स्थिति या बड़े वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान फोर्स को कुछ ही मिनटों में सड़कों पर उतारा जा सकेगा.
विधानसभा और हाईकोर्ट की सुरक्षा होगी और मजबूत
जगन्नाथपुर मंदिर के पीछे और विधानसभा जाने वाली मुख्य सड़क पर स्थित होने के कारण यह सेंटर सामरिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण जगह पर है. यहां से धुर्वा, हटिया और नए विधानसभा क्षेत्र में होने वाले वीवीआईपी मूवमेंट पर 360 डिग्री नजर रखी जा सकेगी. सी-डैक की एडवांस सर्विलांस तकनीक के जरिए शहर के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की लाइव फीड यहां बड़ी स्क्रीन पर दिखेगी. इस हाई-टेक सेंटर के शुरू होते ही रांची पुलिस का रिस्पांस टाइम बेहद कम हो जाएगा और राजधानी की जनता को एक बेहद सुरक्षित माहौल मिल सकेगा.