Jharkhand News: लातेहार जिले में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन जेजेएमपी को बड़ा झटका लगा है। संगठन का पांच लाख रुपये का इनामी सब-जोनल कमांडर पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौट आया है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सरेंडर करने वाला उग्रवादी लंबे समय से क्षेत्र में सक्रिय था और उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज थे। वह संगठन में अहम जिम्मेदारी संभाल रहा था और इलाके में विभिन्न उग्रवादी गतिविधियों में शामिल रहा है।
लगातार चलाये जा रहे अभियान के दबाव में किया सरेंडर
जानकारी के मुताबिक, पुलिस और सुरक्षा बलों द्वारा लगातार चलाए जा रहे अभियान और दबाव के कारण उसने आत्मसमर्पण का फैसला लिया। साथ ही राज्य सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर उसने मुख्यधारा में लौटने की इच्छा जताई।
आत्मसमर्पण के दौरान पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और सुरक्षा बलों के अधिकारी मौजूद थे। अधिकारियों ने बताया कि सरेंडर करने वाले उग्रवादी को सरकार की पुनर्वास नीति के तहत सभी सुविधाएं दी जाएंगी, ताकि वह सामान्य जीवन जी सके। पुलिस का कहना है कि इस तरह के सरेंडर से क्षेत्र में उग्रवाद कमजोर हो रहा है और शांति बहाल करने में मदद मिल रही है। साथ ही अन्य उग्रवादियों से भी अपील की गई है कि वे हिंसा का रास्ता छोड़कर आत्मसमर्पण करें।