Hazaribagh News: रामनवमी की रात जुलूस के दौरान हुई युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. गुरुवार को जिला पुलिस ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.
जुलूस के दौरान हुई थी वारदात
यह घटना 29 मार्च की है, जब जामा मस्जिद रोड पर विष्णुपुरी की शोभायात्रा निकाली जा रही थी. इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ और स्थिति अचानक हिंसक हो गई. सिलवार कला निवासी प्रिंस कुमार पर धारदार हथियार से हमला किया गया. गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
CCTV और SIT की मदद से गिरफ्तारी
घटना के बाद पुलिस ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर अमित आनंद के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया. टीम ने सीसीटीवी फुटेज, फोटो और स्थानीय सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान की. इसके बाद छापेमारी कर 19 वर्षीय करण कुमार को गिरफ्तार किया गया, जो पेलावल थाना क्षेत्र के बालियान गांव का निवासी है.
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया है. गिरफ्तार करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.