Jamshedpur: जमशेदपुर में बढ़ती गर्मी और गहराते पेयजल संकट के बीच हरहरगुड्डू और घाघीडीह क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिली है। शुक्रवार को यहां निःशुल्क शुद्ध पेयजल वितरण की पहल शुरू की गई, जिससे स्थानीय लोगों में खुशी की लहर देखी गई।
विधिवत पूजा के साथ हुआ शुभारंभ
पूर्वी सिंहभूम जिला परिषद अध्यक्ष बारी मुर्मू ने इस सेवा का शुभारंभ पारंपरिक तरीके से नारियल फोड़कर और अगरबत्ती दिखाकर किया। इस पहल के तहत तारापोर कंपनी के पानी टैंकर के जरिए जुस्को का शुद्ध पेयजल लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।
पानी लेने के लिए उमड़ी भीड़
पानी वितरण शुरू होते ही बड़ी संख्या में लोग गैलन, जार और बाल्टी लेकर पहुंच गए। कतारबद्ध होकर लोगों ने पानी लिया और इस पहल के लिए आभार जताया। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों और पंचायत प्रतिनिधियों ने बारी मुर्मू को पगड़ी और अंगवस्त्र देकर सम्मानित भी किया।
प्रशासन और कंपनियों के सहयोग से संभव हुई पहल
बारी मुर्मू ने बताया कि इस कार्य के लिए जिला उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी, जुस्को के महाप्रबंधक आर.के. मिश्रा और तारापोर कंपनी प्रबंधन से सहयोग लिया गया। उनके संयुक्त प्रयास से यह व्यवस्था संभव हो सकी है।
नियमित जलापूर्ति की बनाई जाएगी व्यवस्था
उन्होंने कहा कि आगे जरूरतमंद क्षेत्रों की पहचान कर पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों की संयुक्त समिति बनाई जाएगी, ताकि नियमित रूप से शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
विशेष मौकों पर भी मिलेगी प्राथमिकता
बारी मुर्मू ने यह भी जानकारी दी कि बागबेड़ा और आसपास के क्षेत्रों में शादी, श्राद्ध जैसे आयोजनों के दौरान भी प्राथमिकता के आधार पर पानी उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही बागबेड़ा वृहद ग्रामीण जलापूर्ति योजना को जमीन पर उतारने की दिशा में भी प्रयास जारी हैं।
जनप्रतिनिधियों ने सराहा प्रयास
कार्यक्रम का संचालन कर रहे पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता ने कहा कि इस पहल से हरहरगुड्डू, घाघीडीह, सोमाय झोपड़ी, प्रेम कुंज चौक और बागबेड़ा क्षेत्र में इस बार पेयजल संकट नहीं होने दिया जाएगा।
बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर पंचायत समिति सदस्य प्रभा हांसदा, उपमुखिया संतोष ठाकुर, वार्ड सदस्य ममता लाल, करुणा दास सहित कई जनप्रतिनिधि और समाजसेवी मौजूद रहे। सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोगों ने इस पहल का लाभ उठाया और इसे सराहनीय कदम बताया।