Ramgarh Crime News: औद्योगिक क्षेत्र पतरातू में बेखौफ अपराधियों ने एक बार फिर कानून के राज को सीधी चुनौती दी है. शनिवार सुबह करीब 6:00 बजे पतरातू स्थित ओसम मिल्क प्लांट पर बाइक पर सवार होकर आए अज्ञात अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर पूरे इलाके में सनसनी फैला दी. अपराधियों ने प्लांट को निशाना बनाते हुए दनादन गोलियां दागीं और मौके से फरार हो गए. गनीमत यह रही कि सुबह का वक्त होने के कारण इस खूनी हमले में किसी के हताहत होने या घायल होने की कोई सूचना नहीं है, लेकिन इस दुस्साहसिक वारदात के बाद प्लांट के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में गहरा खौफ पैदा हो गया है.
राहुल दुबे गैंग ने सोशल मीडिया पर ली जिम्मेदारी
घटना के कुछ ही देर बाद इस सनसनीखेज गोलीबारी की जिम्मेदारी कुख्यात राहुल दुबे गैंग ने ले ली है. गिरोह ने सोशल मीडिया पर एक कथित प्रेस विज्ञप्ति जारी कर खुलेआम कबूल किया है कि यह हमला उसी के शूटरों ने किया है. पोस्ट में प्लांट के मालिक अनिरुद्ध को सीधे तौर पर निशाना बनाते हुए लिखा गया है कि यह महज एक चेतावनी थी और अगला हमला सीधे जान लेने के लिए होगा.
मालिक के घर और परिवार को भी उड़ाने की धमकी
दहशत का पर्याय बन चुके इस गिरोह के हौसले इतने बुलंद हैं कि उसने सोशल मीडिया पोस्ट में केवल प्लांट को ही नहीं, बल्कि मालिक के घर और उसके पूरे परिवार को भी अपने निशाने पर लेने की कड़े शब्दों में धमकी दी है. इस ऑनलाइन धमकी के बाद पीड़ित व्यवसायी का पूरा परिवार भारी सुरक्षा चिंताओं से घिर गया है.
पुलिस ने बरामद किए खोखे
गोलीबारी की सूचना मिलते ही पतरातू थाना पुलिस दलबल के साथ तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटना स्थल का बारीकी से मुआयना किया और वहां से अपराधियों द्वारा चलाई गई गोलियों के खोखे बरामद कर लिए हैं. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.