Railway Mega Block: भारतीय रेलवे द्वारा सुरक्षित और सुचारु रेल परिचालन सुनिश्चित करने के लिए आसनसोल रेल मंडल के विभिन्न रेल खंडों में रविवार, 5 अप्रैल को व्यापक ट्रैक मेंटेनेंस (पटरियों की मरम्मत) का काम किया जाएगा. इस बड़े मेंटेनेंस कार्य के चलते रेलवे ने कई घंटों का ट्रैफिक ब्लॉक लेने का फैसला किया है. इसके अंतर्गत जोरामो-मधुपुर, जसीडीह-देवघर, बासुकीनाथ-दुमका और दुर्गापुर-राजबांध समेत कुल 15 महत्वपूर्ण रेल खंडों में काम चलेगा. इस मेगा ब्लॉक के कारण इस रूट से गुजरने वाले हजारों दैनिक यात्रियों और आम लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है.
28 मेमू और डेमू ट्रेनें पूरी तरह रद्द
इस मेंटेनेंस कार्य के कारण रेलवे ने बिहार, झारखंड और बंगाल को आपस में जोड़ने वाली कुल 28 लोकल मेमू (MEMU) और डेमू (DEMU) पैसेंजर ट्रेनों को पूरी तरह से रद्द कर दिया है. इसमें आसनसोल-जसीडीह, जसीडीह-झाझा, अंडाल-जसीडीह, झाझा-देवघर, दुमका-जसीडीह, जसीडीह-बांका, आसनसोल-बरकाकाना और बर्द्धमान-आसनसोल जैसी बेहद व्यस्त रूट की लोकल ट्रेनें शामिल हैं. इन ट्रेनों के रद्द होने से रोजमर्रा के काम, दफ्तर और बाजार के लिए सफर करने वाले मिडिल क्लास यात्रियों की जेब और समय दोनों पर भारी असर पड़ेगा.
पटना-हावड़ा स्पेशल और टाटा एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें लेट
मेगा ब्लॉक का सीधा असर लंबी दूरी की एक्सप्रेस और स्पेशल ट्रेनों की टाइमिंग पर भी पड़ा है. रेलवे ने कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के शेड्यूल में तगड़ा बदलाव किया है. इसके तहत पटना-हावड़ा स्पेशल और हावड़ा-पटना स्पेशल ट्रेनें अपने निर्धारित समय से 3-3 घंटे की देरी से चलेंगी. वहीं, बक्सर-टाटानगर एक्सप्रेस और नंगल डैम-कोलकाता गुरुमुखी एक्सप्रेस को 1 घंटा 30 मिनट की देरी से री-शेड्यूल किया गया है. इसके अलावा गोरखपुर-आसनसोल एक्सप्रेस 2 घंटे, धनबाद-पटना इंटरसिटी 1 घंटे और अजमेर-सियालदह सुपरफास्ट 45 मिनट की देरी से चलेंगी.
कई ट्रेनों को किया गया शॉर्ट टर्मिनेट
पटरियों की मरम्मत के चलते केवल ट्रेनें रद्द या लेट ही नहीं हुई हैं, बल्कि कई ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द (Partial Cancellation) भी किया गया है. देवघर-पटना जं. मेमू पैसेंजर और जसीडीह-झाझा मेमू पैसेंजर अब जसीडीह के बजाय सीधे झाझा स्टेशन से अपनी यात्रा शुरू करेंगी. इसी तरह आसनसोल-गया मेमू एक्सप्रेस अब आसनसोल के बजाय धनबाद से खुलेगी और गया-आसनसोल मेमू को धनबाद में ही रोक कर यात्रा समाप्त कर दी जाएगी. रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट पर अपनी ट्रेन का करंट स्टेटस जरूर चेक कर लें.