Jamshedpur News : देश के अग्रणी स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं में से एक मनिपाल हॉस्पिटल समूह की इकाई मनिपाल हॉस्पिटल EM Bypass ने जमशेदपुर में “अन्वेषणा मेडिकल एजुकेशन फॉर मीडिया” कार्यक्रम की शुरुआत की। इस पहल के तहत मीडिया प्रतिनिधियों के लिए एक विशेष मीडिया प्रिविलेज कार्ड भी लॉन्च किया गया, जिससे उन्हें चिकित्सा सेवाओं और जानकारी तक आसान पहुंच मिल सकेगी।कार्यक्रम का उद्घाटन यूरो-ऑन्कोलॉजी एवं रोबोटिक सर्जरी विभाग के कंसल्टेंट और विभागाध्यक्ष डॉक्टर अभय कुमार ने किया। इस पहल का उद्देश्य मीडिया को सटीक और विश्वसनीय स्वास्थ्य जानकारी से सशक्त बनाना और समाज में स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देना है।
कैंसर मामलों में बढ़ोतरी चिंता का विषय
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि जमशेदपुर और झारखंड क्षेत्र में कैंसर के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। राष्ट्रीय आंकड़ों के अनुसार, भारत में हर साल लाखों नए कैंसर मरीज सामने आते हैं, जिनमें पूर्वी राज्यों की हिस्सेदारी बड़ी है। झारखंड में भी हर वर्ष हजारों नए मामले दर्ज किए जाते हैं, जिनमें मुंह, फेफड़े, सर्वाइकल, स्तन और जेनिटोयूरिनरी कैंसर प्रमुख हैं।
विशेषज्ञों ने बताया कि इलाज की उन्नत सुविधाओं की कमी के कारण बड़ी संख्या में मरीजों को राज्य के बाहर बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है। वहीं, देर से पहचान भी एक बड़ी समस्या बनी हुई है, क्योंकि देश में 60% से अधिक कैंसर मामलों का पता उन्नत अवस्था में चलता है।
आधुनिक तकनीक से बेहतर इलाज संभव
डॉ. अभय कुमार ने कहा कि कैंसर उपचार में आधुनिक तकनीकों, विशेषकर रोबोटिक सर्जरी, ने नई क्रांति लाई है। इससे जटिल सर्जरी अधिक सटीक, कम दर्दनाक और बेहतर परिणाम देने वाली हो गई हैं। उन्होंने बताया कि समय पर स्क्रीनिंग, शुरुआती पहचान और विशेषज्ञ उपचार से मरीजों के जीवन की गुणवत्ता में बड़ा सुधार संभव है।
मरीजों ने साझा किए अनुभव
कार्यक्रम में उन मरीजों ने भी हिस्सा लिया, जिन्होंने रोबोटिक सर्जरी के जरिए सफल इलाज कराया है। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि आधुनिक तकनीक और सही समय पर इलाज से उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया।
मीडिया और डॉक्टरों के बीच सेतु बनेगा अन्वेषणा
अन्वेषणा, जिसका अर्थ है खोज और अध्ययन, एक ऐसा मंच है जहां डॉक्टर और मीडिया पेशेवर साथ आकर स्वास्थ्य
संबंधी महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करेंगे। इससे समाज तक सही और जिम्मेदार स्वास्थ्य जानकारी पहुंचाने में मदद मिलेगी। इस पहल के माध्यम से मणिपाल हॉस्पिटल्स ने एक बार फिर मरीज-केंद्रित, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया है।